मुंबई। मुंबई के जीएसबी सेवा मंडल ने गणेशोत्सव के लिए 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया है। पिछले साल यह 474 करोड़ रुपए था। बता दें, इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू हो रहा है।

मंडल के प्रवक्ता अमित पाई ने रविवार को यह भी बताया कि पांच दिन के उत्सव के दौरान भगवान गणेश की मूर्ति को 66 किलो से ज्यादा सोने और 335 किलो चांदी के गहनों से सजाया जाएगा।
मंडल ने बताया कि मूर्ति की पहली झलक 12 सितंबर को रात 8 बजे ‘विराट दर्शन’ के दौरान दिखाई जाएगी।
गौरतलब है कि मुंबई का सबसे अमीर गणेश मंडल माने जाने वाला जीएसबी सेवा मंडल मुंबई के किंग्स सर्कल में उत्सव का आयोजन करता है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं। आयोजकों ने बताया कि गणपति की मूर्ति पर्यावरण के अनुकूल है। हर दिन 40 हजार से ज्यादा लोगों को ‘अन्नदान सेवा’ का लाभ मिलने की भी उम्मीद है।
👉गणेशोत्सव के दौरान डीजे न बजाने की अपील
इस बीच महाराष्ट्र की स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघना बोरडीकर और जिले के प्रभारी मंत्री संजय शिरसाट ने रविवार को गणेशोत्सव के दौरान डीजे साउंड सिस्टम न बजाने की अपील की। बोरडीकर ने पत्रकारों से कहा कि त्योहार से दूसरों को परेशानी या सेहत को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने बताया, “दुर्भाग्य से पिछले साल डीजे सिस्टम की वजह से मेरे चचेरे भाई की मौत हो गई थी।”
