बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही एलायंस एयर की फ्लाइट (91-882) में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उड़ान के दौरान अचानक हवा में विमान का एक इंजन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे विमान में सवार 54 यात्रियों की सांसे अटक गईं। गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की मुस्तैदी से विमान को प्रयागराज में सुरक्षित उतार लिया गया।
👉30 हजार फीट की ऊंचाई पर थमा पंखा, केबिन में मची चीख-पुकार

तय शेड्यूल के मुताबिक विमान ने सुबह 10:30 बजे बिलासपुर से उड़ान भरी थी। दोपहर करीब 11:45 बजे जब एयरक्राफ्ट प्रयागराज से महज 80 किलोमीटर की दूरी पर था, तभी अचानक उसके दाहिने इंजन का टर्बाइन (पंखा) घूमना बंद हो गया। सिंगल इंजन पर आते ही हवा में विमान को जबर्दस्त झटके लगे। इस तकनीकी फेलियर के बाद केबिन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
👉जारी करना पड़ा ‘मे-डे’ कॉल, रनवे पर तैनात हुईं एम्बुलेंस
इंजन फेल होते ही पायलट ने बिना वक्त गंवाए प्रयागराज एटीसी (ATC) को ‘मे-डे’ (आपातकालीन संदेश) जारी कर दिया। अलर्ट मिलते ही बमरौली एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। रनवे के चारों ओर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों को तैनात कर दिया गया। आखिरकार पायलट ने असाधारण कौशल का परिचय देते हुए दोपहर करीब 12:15 बजे विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया, जिससे सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।
