कोरबा। मवेशियों के खेत में घुसने से धान की फसल खराब हुई तो मुआवजे के तौर पर 500 रुपये दे दिए गए। लगा विवाद यहीं खत्म हो गया, लेकिन रात में कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि जंगल में धनुष-बाण चल गया। आरोप है कि किसान अपने साथी के साथ पशुपालकों के पास पहुंचा और एक युवक पर तीर चला दिया। तीर युवक के बाएं कूल्हे में जा धंसा। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
👉650 भेड़-बकरी और घोड़े लेकर जंगल पहुंचे थे पशुपालक

मामला कटघोरा थाना क्षेत्र की जटगा चौकी अंतर्गत ग्राम तेंदुबेदरा के जंगल का है। पुलिस के मुताबिक कवर्धा जिले के भागनपुर निवासी 24 वर्षीय लीलीधर सप्रे बिलासपुर, मुंगेली, कवर्धा और बेमेतरा जिले के अन्य पशुपालकों के साथ करीब 650 भेड़-बकरी और घोड़े लेकर दो दिन पहले जंगल पहुंचा था।
इसी दौरान समूह का एक घोड़ा ग्राम तेंदुभाठा निवासी गंगादीन मरकाम के खेत में पहुंच गया और धान की फसल को नुकसान पहुंचा दिया।
👉500 रुपये दिए… लगा मामला खत्म हो गया
फसल नुकसान की भरपाई के लिए गंगादीन अपने बच्चों के साथ पशुपालकों के पास पहुंचा। बातचीत के बाद समूह में शामिल अनिल पाल ने उसे 500 रुपये मुआवजा दे दिया। इसके बाद गंगादीन बच्चों के साथ वापस लौट गया।
लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि रात करीब 8 बजे गंगादीन अपने साथी अर्जुन सिंह के साथ दोबारा वहां पहुंचा। दोनों के हाथ में धनुष-बाण था। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
👉बचने के लिए पीछे हटा युवक, कूल्हे में धंस गया बाण
आरोप के मुताबिक गंगादीन ने लीलीधर को निशाना बनाकर बाण चला दिया। लीलीधर बचने के लिए पीछे हटा, लेकिन बाण उसके बाएं कूल्हे में जा धंसा। घटना के दौरान वहां मौजूद अनिल पाल, हेमलाल और प्रहलाद पाल ने भी पूरी घटना देखी।
तीर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि घटना के बाद गंगादीन और अर्जुन मौके से फरार हो गए।
👉अस्पताल रेफर, पुलिस ने दर्ज किया केस
घायल लीलीधर को अनिल पाल और राजेंद्र पाल कटघोरा के नगोई अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे आगे उपचार के लिए रेफर कर दिया।
जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव के अनुसार मामले में धारा 296, 351(3), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटना में शामिल आरोपितों की तलाश कर रही है।
