रायपुर । यदि व्हाट्सऐप पर आप ऑटो डाउनलोड फीचर ऑन रखते हैं तो ये खबर आपके काम की है। ऑटो डाउनलोड फीचर ऑन रहने से रायपुर के कारोबारी से ऑनलाइन ठगी हो गई।
लाभांडी निवासी तनुज अग्रवाल (35) के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए एक APK फाइल आई, जो ऑटो डाउनलोड हो गई और उनके खाते से 4 लाख रुपए डेबिट हो गए।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। आईटी एक्सपर्ट के मुताबिक, ये फीचर फोटो-वीडियो डाउनलोड करने के लिए होता है, पर इस केस में APK फाइल डाउनलोड हुई है।
पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉APK फाइल से हैकर्स को मिल जाता है एक्सेस
- हैकर्स APK फाइल इंस्टॉल करवाते समय सोशल इंजीनियरिंग की रणनीति अपनाते हैं।
- APK फाइल पर क्लिक करते ही खतरों को उजागर करने वाली चेतावनी प्राप्त होती है।
- APK फाइल इंस्टॉल करते ही बहुत सारी अनुमति मांगी जाती है।
- कैमरा, लोकेशन, कॉन्टेक्ट आदि का एक्सेस देते ही हैकर को पूरा कंट्रोल मिल जाता है।
👉APK फाइल धोखाधड़ी से ऐसे बचें
- APK फाइल का साइज केवल कुछ केवी का ही होगा और यह वैलिड नहीं दिखेगा।
- कैमरा, माइक्रोफोन, जीपीएस एक्सेस की मांग करने वाली APK फाइल को डिलीट कर दें।
- यूजर को गूगल प्ले स्टोर की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए।
- अनवेरीफाइड सोर्स से ऐप्स इंस्टॉल करने से उनके डिवाइस को नुकसान हो सकता है।
👉व्हाट्सऐप पर आई थी APK फाइल
थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर को तनुज के व्हाट्सऐप नंबर पर एक APK फाइल आई थी। मोबाइल में व्हाट्सऐप का ऑटो डाउनलोड फीचर ऑन होने के कारण फाइल अपने आप डाउनलोड हो गई।
इसके बाद उनके बैंकिंग माध्यमों से रकम निकलने लगी। तनुज का मोबाइल नंबर बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड और यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से लिंक था।
👉2 बैंकिंग माध्यमों से निकाली रकम
शिकायत के अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से 69,998.97 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से यूपीआई के जरिए 3,45,530.95 रुपए ट्रांसफर किए गए। दोनों जगह से कुल 4,15,529.92 रुपए की रकम चली गई।
👉साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद FIR
रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। 17 सितंबर को खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच के बाद धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
” व्हाट्सऐप में ऑटो डाउनलोड फीचर ऑन होने के कारण फाइल अपने आप डाउनलोड हो जाती है, जिससे हैकर्स सारा डेटा हैक कर लेते हैं। ऐसे समय में इस फीचर को ऑटो मोड पर नहीं रखना चाहिए।”
मोहित साहू
आईटी एक्सपर्ट
👉WhatsApp मेंऑटो-डाउनलोड इस तरह करें बंद
- WhatsApp खोलें
ऊपर दाईं तरफ तीन डॉट (:) → Settings पर जाएं। - Storage and data पर टैप करें।
- Media auto-download में जाएं।
- When using mobile data खोलकर सभी विकल्पों का टिक हटा दें।
- When connected on Wi-Fi में भी सभी विकल्पों का टिक हटा दें।
- When roaming में भी सभी विकल्प अनचेक कर दें।
- OK दबाएं।
- इसके बाद WhatsApp पर आने वाली फोटो, वीडियो, ऑडियो और दस्तावेज अपने आप डाउनलोड नहीं होंगे।
👉APK फाइल क्या है?

- ये फाइल्स गूगल या एप्पल स्टोर पर उपलब्ध नहीं होती हैं।
- इन्हें वेब के जरिए ही डाउनलोड किया जा सकता है।
- ये गूगल और एप्पल स्टोर के नियमों का उल्लंघन करती हैं।
- ऐसी फाइल्स पर आपका निजी डेटा 100% लीक हो सकता है।
👉साइबर एक्सपर्ट की सलाह
- व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर किसी अनजान नंबर से आई एपीके (APK) फाइल, संदिग्ध पीडीएफ या किसी अज्ञात लिंक को कभी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। इससे ठग आपके फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर सकते हैं।
- कोई भी सरकारी या निजी बैंक फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप के जरिए पेंशन कार्ड, लोन या बैंकिंग सेवाओं का सत्यापन नहीं कराता। किसी भी सूचना की पुष्टि हमेशा बैंक शाखा से करें।
- ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। शुरुआती 1-2 घंटे में शिकायत करने पर रकम रिकवर होने की संभावना अधिक रहती है।
सोर्स – dainik bhaskar.com
