Asian Games 2026 : 13वें दिन भारत की झोली में आई 13वां गोल्ड , चीनी ताइपै की नियेन चिन चेन को 3-2 से हराकर परवीन हुड्डा ने किया कमाल

खेल। भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 65 किलो स्पर्धा में चीनी ताइपै की नियेन चिन चेन को 3 . 2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए गोल्ड मेडल की बारिश हो रही है। परवीन हुड्डा ने महिलाओं की 65kg बॉक्सिंग फ़ाइनल जीतकर भारत के लिए 13वां गोल्ड मेडल हासिल किया है।

यह पहली बार है जब एशियन गेम्स के एक ही एडिशन में दो भारतीय महिला बॉक्सर ने गोल्ड मेडल जीते हैं। इससे पहले, 75kg कैटेगरी की बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने भारत के लिए 12वां गोल्ड मेडल जीता था।
सुबह, महिलाओं की रिकर्व आर्चरी टीम ने पहली बार टॉप स्थान हासिल किया। रिकर्व मिक्स्ड टीम और पुरुषों की रिकर्व टीम ने सिल्वर मेडल जीता। रेसलिंग में सुजीत पुरुषों की 65kg कैटेगरी के फ़ाइनल में पहुँच गए हैं। पुरुषों की सेपकटकराव क्वाड्रेंट टीम ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता।

भारत की सबसे सफल मुक्केबाजों में शामिल लवलीना बोरगोहेन ने शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर शानदार तोहफा देते हुए चीन की बाओ जियी को 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में हराकर एशियाई खेलों में देश के लिए 12 साल बाद महिला मुक्केबाजी का स्वर्ण पदक जीता। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना ने 29वें जन्मदिन को खास बनाते हुए बाओ को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया।

उन्होंने इसके साथ ही पिछले एशियाई खेलों में जीते रजत पदक का रंग बदल दिया। इस जीत के साथ लवलीना एशियाई खेलों में मुक्केबाजी का स्वर्ण जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला बन गईं। उनसे पहले महान मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में 51 किग्रा फ्लाइवेट वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था।

लवलीना ने जीत के बाद कहा, ”आज मेरा जन्मदिन है। यह मेरे लिए बेहद खास जन्मदिन है और मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं। मैंने सोचा था कि जन्मदिन पर खुद को स्वर्ण पदक का तोहफा दूंगी। पहली बार मैंने खुद को कोई तोहफा दिया है। मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया।

एक पल के लिए भी नहीं सोचा कि मैं हार सकती हूं।” उन्होंने कहा, ”मुकाबला बहुत कठिन था, लेकिन मेरे दिमाग में सिर्फ यही चल रहा था कि मुझे जीतना है। आखिरी राउंड बहुत मुश्किल था। पहले और दूसरे राउंड में मैं 2-1 से आगे थी, इसलिए मैंने सोचा कि अब मुझे सिर्फ तीसरा राउंड जीतना है।”

लवलीना ने कहा, ”मेरी प्रतिद्वंद्वी बहुत मजबूत थी और मैं पहली बार उसके खिलाफ खेल रही थी। इसलिए मुझे पता नहीं था कि वह किस तरह से मुकाबला करेगी। मैं खुद को लगातार प्रेरित कर रही थी कि मुझे जीतना है, मैं हारना नहीं चाहती।”