कोरबा। शहर के नामचीन मिठाई प्रतिष्ठान न्यू दिल्ली स्वीट्स के निहारिका ब्रांच की स्वच्छता मानकों की अनदेखी लापरवाही का एक गंभीर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जिसमें होटल के बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है। ग्राहक द्वारा बनाए गए इस वीडियो के सामने आने के बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था ,एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।वायरल वीडियो से होटल के नियमित ग्राहकों में भी खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

दरअसल, न्यू दिल्ली स्वीट्स निहारिका में पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों को बाथरूम में धोए जाने का वीडियो बनाया। वीडियो में होटल के बर्तनों की सफाई बाथरूम में होती दिखाई दे रही है। ग्राहक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर
दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

जब होटल के कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि इमरजेंसी की स्थिति में यहां बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। हालांकि, होटल में खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तनों की सफाई के दौरान स्वच्छता के मानकों का पालन कितना किया जा रहा है, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों के साथ धोखा है।
होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके।
मोबाइल पर सम्पर्क करने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कहा कि मिठाई दुकान को नोटिस जारी कर कार्यवाई की जाएगी।
👉सुलगते सवाल
- क्या बाथरूम में बर्तन धोने की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप है?
- और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो क्या होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी?
- वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नजर अब संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।
👉 खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी उठे सवाल ?
नामचीन मिठाई प्रतिष्ठान नई दिल्ली स्वीट्स की शहर में 3 ब्रांच है। मुख्य ब्रांच टीपी नगर में तो उसके मिनी ब्रांच निहारिका व पावर हाउस रोड में संचालित है। नई दिल्ली स्वीट्स ने प्रीमियम मिठाइयों की वैरायटी स्वाद व गुणवत्ता के बलबूते शहर समेत मिठाइयों के शौकीन पूरे जिलेवासियों का भरोसा व विश्वास जीता है। चाहे पर्व हो या सामान्य दिन ,लोगों को जब भी मिठाई की जरूरत पड़ती है नई दिल्ली स्वीट्स की शाखाओं का ही रुख करते हैं। लेकिन निहारिका ब्रांच की इस घटनाक्रम ने नई दिल्ली स्वीट्स की शाखाओं में खाद्य सुरक्षा विभाग की नियमित निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वाकई अन्य मिठाई दुकानों की तर्ज पर नई दिल्ली स्वीट्स में भी खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी पूरी संजीदगी से मिठाई की गुणवत्ता के साथ साथ तैयार होने वाले किचन में साफ सफाई मानकों का जायजा लेते हैं। या महज होटल में जाकर मिठाइयों के नमूने (सैंपल)कलेक्टर कर जांच की औपचारिकता पूरी करते हैं। निश्चित तौर पर आम जनता के मन में इस घटना से अविश्वास की भावना उत्पन्न होने के आसार बढ़ गए हैं।
