CG :दर्दनाक सड़क हादसा ,3 महिलाओं की मौत …

कोरिया । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि पटना क्षेत्र के सावारांवा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने महिलाओं से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। वहीं इस घटना के बाद आरोपी पिकअप का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक ये दर्दनाक हादसा पटना थाना क्षेत्र में घटित हुआ। पुलिस के मुताबिक छिंदिया गांव की महिलाएं बिलारो गांव में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद देर शाम करीब 15 महिलाएं ऑटो से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान सावारांवा के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हादसे में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) की मौत हो गई। हादसे में घायल 12 महिलाओं को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पटना पुलिस के अनुसार हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि पिकअप और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।