KORBA : घर में नहा रही महिला का चोरी -छिपे VIDEO बनाने वाले आरोपी पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई ,BNS और IT Act में भी कार्रवाई के आसार …

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 11 में एक विवाहित महिला का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने का आरोप पड़ोस के युवक पर लगा है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड 11 पुरानी बस्ती निवासी एक विवाहिता जब अपने घर में स्नान कर रही थी, तब पड़ोस के युवक उबैद हसन उर्फ उबैद खान, 35 वर्ष द्वारा दीवार/खिड़की से ताक-झांक कर नहाती हुई।महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाने का प्रयास किया गया।
महिला की नजर आरोपी पर पड़ते ही उसने शोर मचाया और विरोध जताया। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ कटघोरा थाना पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कटघोरा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी उबैद हसन (35 वर्ष) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। उसे कार्यपालक दंडाधिकारी (तहसीलदार न्यायालय कटघोरा) के समक्ष पेश किया, जहाँ से मुचलका पर जमानत दे दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर BNS की धारा 77 (ताक-झांक / निजता भंग करना) और IT Act की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण की विवेचना की जा रही है। मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल जांच की जाएगी। घटना के बाद वार्डवासियों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि ऐसे लोगों से सभी को सतर्क रहने की जरूरत है और पुलिस को ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि दोबारा ऐसी हरकत न हो।
कटघोरा पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल शिकायत करें, पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगी।