KORBA : बधाई देने की जगह मचाया था बवाल,चाकूबाजी से उठे थे सवाल,SP से शिकायत उपरांत 2 गिरफ्तार

कोरबा/दीपका। दीपका चौक पर 2 अक्टूबर को बधाई मांगने को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में आखिरकार पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शुभम जाधव और चंडी बाबू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को दीपका के व्यस्त चौक पर दिनदहाड़े लाठी-डंडे और धारदार हथियारों के साथ जमकर हंगामा हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों और आम लोगों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखी गई।

👉सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, फिर SP तक पहुंचा मामला

घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठने लगे थे। दीपका थाना के ASI की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल सोशल मीडिया और लोगों के बीच उठाए जा रहे थे। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
इसके बाद पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम जाधव और चंडी बाबू के रूप में हुई है।

👉किन्नर शैली और साथियों के साथ पहुंचने का दावा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी किन्नर शैली और उसके साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, किन्नर शैली और शुभम जाधव के बीच करीबी संबंध होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच अभी जारी है।

👉चाकू भी बरामद, बाकी आरोपी कब होंगे गिरफ्तार?

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद करने का दावा किया है। मामले में अभी कुछ अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि दिनदहाड़े दीपका चौक पर हथियार लहराकर तांडव करने वाले बाकी आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचती है? साथ ही शुरुआती कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर पुलिस की जांच किस दिशा में जाती है, इस पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।