कोरबा। जिले के पांचों विकासखंडों के जनपद सदस्यों ने क्षेत्रीय विकास के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से प्रतिवर्ष राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। जनपद सदस्य संघ की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए मांगपत्र में प्रत्येक विकासखंड के जनपद सदस्यों के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये की राशि निर्धारित करने की मांग की गई है।

संघ का कहना है कि एक जनपद सदस्य के क्षेत्र में तीन से पांच ग्राम पंचायतें शामिल होती हैं। ऐसे में क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराने के लिए जनपद निधि से मिलने वाली राशि पर्याप्त नहीं है। क्षेत्रीय विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। इसी को देखते हुए डीएमएफ मद से जनपद सदस्यों को राशि दिए जाने की मांग रखी गई है।
जनपद सदस्य संघ ने जिला खनिज न्यास की शासी परिषद समिति की बैठकों में संघ द्वारा चयनित प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि जनपद सदस्य सीधे ग्रामीण क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्हें डीएमएफ से जुड़े विकास कार्यों एवं निर्णयों में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। संघ ने कलेक्टर से दोनों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जनपद सदस्यों को क्षेत्रीय विकास के लिए डीएमएफ मद से प्रतिवर्ष राशि उपलब्ध कराने तथा शासी परिषद की बैठकों में संघ के चयनित प्रतिनिधियों को शामिल करने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
