CJP का बड़ा आरोप,देश भर से जंतर मंतर आ रहे समर्थकों को हिरासत में लिया गया ,मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कल प्रदर्शन का ऐलान …

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आरोप लगाया है कि देशभर से उसके 10 हज़ार सपोर्टर्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया है कि ये लोग कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक, अलग-अलग छात्र संगठनों, किसान, दलित संगठनों और राजनीतिक दलों से ताल्लुक रखते हैं.
उन्होंने लिखा, यह इमरजेंसी है.
इसके साथ ही आशुतोष रांका की पोस्ट को शेयर करते हुए सीजेपी के सह-संस्थापक सौरव दास ने एक्स पर लिखा, “भारत में इमरजेंसी लगा दी गई है.”

दरअसल 10 अक्तूबर को सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है.

जंतर-मंतर को पुलिस ने पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में ले लिया है और चेतावनी दी है कि इलाक़े में किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है.

ज्ञानेश कुमार पर विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और सीजेपी ने एसआईआर के ज़रिए वोटरों से उनके वोटिंग अधिकार छीनने का आरोप लगाया है.

बीते दिनों अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग में अन्य दो चुनाव आयुक्तों की अनदेखी करते हुए एसआईआर से जुड़े कई फ़ैसले लिए थे.

इस रिपोर्ट के बाद भारत में सियासी तौर पर काफ़ी हंगामा मचा हुआ है. हालांकि चुनाव आयोग ने बाद में इस मुद्दे पर सफ़ाई भी दी, लेकिन ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ विपक्ष के आरोप लगातार जारी हैं.