KORBA : कोरबा की ‘चटकारा चौपाटी’ को मिला फूड सेफ्टी हब प्रमाणपत्र

0 खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि, जिले के लिए गौरव का विषय

कोरबा। कोरबा शहर की ‘चटकारा चौपाटी’ को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के ‘ईट राइट स्ट्रीट फूड हब’ कार्यक्रम के अंतर्गत फूड सेफ्टी हब प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। एफएसएसएआई के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी यह प्रमाणपत्र 31 मार्च 2026 से 30 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगा।

यह उपलब्धि कोरबा में सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य व्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयासों को मान्यता देती है। ‘चटकारा चौपाटी’ को प्रमाणपत्र मिलना नगर पालिक निगम कोरबा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और जिले के लिए गौरव का विषय है।

प्रमाणपत्र महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने नगर पालिक निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय को प्रदान किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अशोक चावलानी, पार्षद चन्द्रलोक सिंह, कार्यपालन अभियंता अखिलेश शुक्ला, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सचिन तिवारी, संजय सिंह तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।