रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताकर एक शिक्षक को गिरफ्तारी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया। आरोप है कि आरोपियों ने शिक्षक से करीब 18 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधार नंबर से बैंक खाता खुलने का दिया झांसा

मामला सड्डू क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। ज्ञान गंगा एजुकेशनल एकेडमी में शिक्षक के पद पर कार्यरत अखिलेश कुमार मिश्रा ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर को स्कूल से घर लौटने के बाद उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को नया रायपुर स्थित एटीएस कार्यालय का वरिष्ठ अधिकारी बताया।
आरोपियों ने दावा किया कि शिक्षक के आधार नंबर का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोलने के लिए किया गया है और उस खाते के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की गई है। उन्हें लखनऊ स्थित एटीएस कार्यालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर डराया गया।
