0 डीएमएफ मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की मिली है स्वीकृति …
कोरबा। कोरबा शहर की बहुप्रतीक्षित संजय नगर वाय-शेप अंडरब्रिज परियोजना का निर्माण कार्य शनिवार को उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में शुरू हुआ। अंडरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन सुगम होगा।

उल्लेखनीय है कि रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले इस रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से संजय नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र के लोग पिछले 15 वर्षों से परेशानी झेल रहे थे। समस्या के स्थायी समाधान के लिए उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने जिला खनिज न्यास मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास मद से कोरबा नगर और जिले में बड़े प्रोजेक्ट के साथ-साथ जनसुविधा से जुड़े छोटे-छोटे कार्य भी धरातल पर उतारे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संजय नगर अंडरब्रिज के लिए राशि स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार विश्वास और विकास के संकल्प के साथ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा कर रही है।


मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि परियोजना के दायरे में आने वाली शासकीय भूमि पर बने मकानों के स्वामियों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है। यह वाय-शेप अंडरब्रिज एक ओर कोतवाली क्षेत्र और दूसरी ओर रेलवे स्टेशन की दिशा से जुड़ेगा। निर्माण कार्य करीब एक से सवा वर्ष में पूरा होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर के किनारे एक मार्ग और पुल का निर्माण 22 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि वे इसी संजय नगर वार्ड से पार्षद रही हैं और क्षेत्रवासी लंबे समय से रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से परेशान थे। उद्योग मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत हुई है। अंडरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
श्री गोपाल मोदी ने कहा कि पुराना शहर लंबे समय से रेलवे फाटक के कारण होने वाली परेशानी झेल रहा था। व्यापारी वर्ग सहित बड़ी आबादी को फाटक बंद होने पर घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को पुराना बस स्टैंड, दर्री रोड और नहर मार्ग से घूमकर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज इस महत्वपूर्ण अंडरब्रिज की सौगात मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
👉अंडरब्रिज की प्रमुख विशेषताएं
- आरयूबी की लंबाई: 455 मीटर
- बॉक्स की लंबाई: 28.80 मीटर
- बॉक्स की ऊंचाई: 4.50 मीटर
- पुल की चौड़ाई: 8.50 मीटर
- कैरेजवे: 7.50 मीटर
- यू-टाइप रिटर्न की कुल लंबाई: 426.20 मीटर
- सुनालिया ज्वेलर्स की ओर: 175.60 मीटर
- रेलवे स्टेशन की ओर: 125.60 मीटर
- पुरानी बस्ती की ओर: 125 मीटर
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, डॉ. राजीव सिंह, आयुक्त आशुतोष पांडे, पार्षदगण श्रीमती सुलोचना यादव, श्रीमती सुषमा साहू, उपेंद्र पटेल, युगल कैवर्त, नरेंद्र देवांगन, श्रीमती रूबी सागर, अजय चंद्रा, प्रेम साहू, सरोज शांडिल्य, मथुरा चंद्र, श्रीमती भानुमति जायसवाल, दिनेश शर्मा, पंकज देवांगन, ईश्वर पटेल, रामाधार पटेल, लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद कंवर, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, मनीष मिश्रा, राजेश राठौर, मनोज लहरे, परविंदर सिंह, राकेश नागरमल, सुशील गर्ग, आत्माराम गंधर्व, विजय गुप्ता, राम शंकर साहू, श्रीमती पूर्णिमा पासवान और दयाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
