CG : भगवा वेश में लोगों को डरा- धमका वसूली की कोशिश कर रहे पिता पुत्र समेत 3 गिरफ्तार …

बालोद । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भगवा वेश धारण कर घूम रहे तीन लोगों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि ये लोग तंत्र-मंत्र और साधना का भय दिखाकर लोगों को डराते थे और उनसे वसूली करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

👉3 दिन से शहर और आसपास के गांवों में घूम रहे थे आरोपित

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से आए तीनों व्यक्ति पिछले 3 दिनों से बालोद शहर और आसपास के गांवों में घूम रहे थे। इस दौरान लोगों को तंत्र-मंत्र और साधना का भय दिखाकर डराने, दुर्व्यवहार करने और वसूली का प्रयास करने की शिकायतें सामने आईं। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने दो आरोपितों को सदर रोड और एक अन्य को सिवनी क्षेत्र से पकड़ा।

👉चित्रकूट और देवरिया जिले के रहने वाले हैं तीनों

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के निवासी विद्यासागर और उनका 18 वर्षीय पुत्र कृष्ण सागर शामिल हैं। वहीं, तीसरा आरोपित अतुल पाण्डेय उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

👉बालोद पुलिस की लोगों से अपील

इस मामले में बालोद एसडीओपी विनय कुमार ने शहरवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति तंत्र-मंत्र या साधना का भय दिखाकर लोगों को डराने अथवा वसूली करने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।