CG : जगराता पंडाल के पास दर्दनाक हादसा, रस्सी में फंसे बुलेट सवार युवक की दर्दनाक मौत ,एक की मौत, दूसरा घायल,मचा हफकम्प ,जगराता बंद …

अंबिकापुर । अंबिकापुर शहर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। हादसा जयस्तंभ चौक पर दुर्गा पूजा पंडाल के पास हुआ, जहां जगराता कार्यक्रम के लिए लगे पंडाल को सहारा देने के लिए सड़क किनारे रस्सी बांधी गई थी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक अंधेरे में रस्सी को देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए। जिससे बुलेट चला रहे युवक को गंभीर चोट आने के बाद उसने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। शुक्रवार रात आयोजन समिति की ओर से पंडाल परिसर में जगराता कार्यक्रम रखा गया था। पंडाल को सहारा देने के लिए सड़क के किनारे रस्सी बांधी गई थी। इसी दौरान बुलेट पर सवार दो युवक वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर बंधी रस्सी उन्हें दिखाई नहीं दी और वे उसकी चपेट में आ गए। रस्सी में फंसने के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिजन घायल फैजान को संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दूसरा युवक घायल है और उसका इलाज जारी है।

👉सड़क पर रस्सी बांधने और रोशनी की व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद परिजनों और परिचितों ने आयोजन स्थल पर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से रस्सी बांधे जाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सड़क से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम नहीं किए गए थे। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद कोतवाली थाने में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया गया और आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल हादसे को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल की स्थिति बनी हुई है। घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।