बीजापुर। बीजापुर में बुधवार को अगवा हुए जवान को लेकर एक अच्छी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, नक्सली आज शाम तक अपहृत जवान को लेकर कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं। संभावना ये भी जताई जा रही है कि नक्सली जवान मुरली ताती को सुरक्षित छोड़ सकते हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि अब तक कोई नहीं कर रहा है। इस संबंध में ये भी पता नहीं चल सका है कि माओवादी जवान को छोड़ने के क्या शर्त रख सकते हैं।
नक्सलियों ने बुधवार को DRG में SI मुरली ताती का अपहरण कर लिया था। मुरली ताती जगदलपुर स्थित पुलिस लाइन में पदस्थ था और करीब डेढ़ महीने से छुट्टी पर चल रहा था। वह बुधवार को गंगालूर क्षेत्र के पालनार में मेले में शामिल होने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वहीं से शाम करीब 4 बजे नक्सली उसे अगवा कर ले गए। करीब दो साल पहले ही जवान का ASI से प्रमोशन हुआ था।
पहले भी CRPF जवान और 3 महिलाओं को किया था अगवा
इससे पहले 3 अप्रैल को जोनागुड़ा में फोर्स और नक्सलियों की मुठभेड़ के बाद CRPF जवान राकेश्वर सिंह को नक्सलियों ने बंधक बना लिया था। 6 अप्रैल को नक्सलियों के बताए जाने के बाद पद्मश्री धर्मपाल सैनी, माता रुक्मणी आश्रम जगदलपुर, गोंडवाना समन्वय समिति अध्यक्ष तेलम बोरैया, सहित पत्रकारों के सहयोग से अपहृत जवान को 8 अप्रैल को मुक्त कराया गया। इसके बाद उसी रात मितानिन ट्रेनर सहित 3 महिलाओं का अपहरण कर लिया था। हालांकि, अगले दिन नक्सलियों ने तीनों महिलाओं को छोड़ दिया था