छत्तीसगढ़: आज जमकर बरसेंगे बदरा, बस्तर सहित अधिकांश जिलों में हो रही झमाझम बारिश

रायपुर ।छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो गया है। आज पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में मानसून ने पांच दिन पहले ही दस्तक दे दी है। रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक और भारी बारिश के आसार है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में मानसून के उत्तरी छत्तीसगढ़ में बढ़ने की संभावना है।

आज सुबह बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में मौसम ने करवट ली, और तेज झमाझम बारिश होनी शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के द्वारा जारी किए गए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को बस्तर के 3 जिलों में अधिक बारिश होगी। इनमें कोंडागांव व नारायणपुर में मध्यम से भारी तो वहीं कांकेर में सबसे ज्यादा बारिश होने की सम्भावनाएं बनी हुई है। साथ ही संभाग के अन्य जिलों में भी सामान्य वर्षा होगी। बीजापुर व सुकमा में सुबह बुंदाबांदी हुई,लेकिन जगदलपुर में मौसम खुला हुआ है। कोंडागांव व नारायणपुर में काले घने बादल छाए हुए हैं। लेकिन अब तक बारिश नहीं हुई है। दंतेवाड़ा में सुबह तेज बारिश हुई जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया है।

दंतेवाड़ा में हुई बारिश के बाद दिखा खूबसूरत नजारा।

दंतेवाड़ा में हुई बारिश के बाद दिखा खूबसूरत नजारा।

ऐसे आया मानसून

मौसम वैज्ञानिक एच पी चंद्रा के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी उड़ीसा तट और पश्चिम बंगाल तट के ऊपर स्थित है। इसके और अधिक प्रबल होकर पश्चिम-उत्तर- पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उड़ीसा झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर अगले 2 से 3 दिन में बढ़ने की संभावना है। एक द्रोणिका दक्षिण पंजाब से निम्न दाब के केंद्र तक हरियाणा, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। उत्तर-पश्चिम द्रोणिका का 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर तक निम्न दाब के केंद्र से दक्षिण छत्तीसगढ़ विदर्भ, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात होते हुए पश्चिम मध्य अरब सागर तक स्थित है।प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।