नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका (India vs Sri Lanka) की राजधानी कोलंबो में कदम रख दिया है. भारतीय टीम श्रीलंका में 13 जुलाई से वनडे सीरीज खेलेगी और उसके बाद तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी. अनुभवी ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने एक ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ साझा की , जिसमें उन्होंने लिखा, ‘कोलंबो, श्रीलंका में पहुंचे.’ चार सप्ताह के दौरे पर आयी भारतीय टीम में 6 नये खिलाड़ी भी शामिल हैं. नियमित कप्तान विराट कोहली टेस्ट टीम के साथ अभी इंग्लैंड का दौरा कर रहे हैं ऐसे में धवन की अगुवाई वाली टीम में भुवनेश्वर कुमार उपकप्तान हैं जबकि राहुल द्रविड इस टीम के कोच है
बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए 20 सदस्यीय टीम का चयन किया था जिसमें ऑलराउंडर हार्दिक और स्पिनरों की अनुभवी जोड़ी कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को भी जगह दी गयी है. टीम में देवदत्त पडिक्कल, पृथ्वी शॉ, नितीश राणा, रुतुराज गायकवाड़ और तेज गेंदबाज चेतन सकारिया जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हैं. विकेट बल्लेबाज के लिए टीम के पास युवा ईशान किशन और संजू सैमसन का विकल्प हैं. भारतीय टीम दौरे पर अभ्यास के लिए अपनी दो टीमें बनाकर आपस में अभ्यास मैच खेलेगी.
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम
शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, नितीश राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, के. गौतम, क्रुणाल पंड्या, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, भुवनेश्वर कुमार (उपकप्तान), दीपक चाहर, नवदीप सैनी, चेतन सकारिया.
नेट गेंदबाज : ईशान पोरेल, संदीप वॉरियर, अर्शदीप सिंह, साई किशोर, सिमरजीत सिंह.
भारत-श्रीलंका सीरीज का कार्यक्रम
वनडे सीरीज का पहला मैच 13 जुलाई को खेला जाएगा. दूसरा वनडे 16 जुलाई को होगा वहीं तीसरा मुकाबला 18 जुलाई को होगा. भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का आगाज 21 जुलाई से होगा. दूसरा टी20 मैच 23 जुलाई और तीसरा टी20 मुकाबला 25 जुलाई को खेला जाएगा. दौरे के सभी 6 मुकाबले कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे. (भाषा के इनपुट के साथ)
