बलिया : उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के दुबहर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध बनाने से मना करने पर 15 वर्षीया एक दलित किशोरी को जलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुबहर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी के पिता ने आज थाने में शिकायत की है कि उसकी 15 वर्षीया पुत्री को कल रात गांव के ही रहने वाले कृष्णा गुप्ता (21) ने अवैध संबंध बनाने से इंकार करने पर जला दिया।
पुलिस के अनुसार इस घटना में किशोरी गंभीर रूप से जल गई और उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सक द्वारा रेफर किए जाने के बाद वाराणसी ले जाया गया है। पिता की शिकायत पर कृष्णा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम व पॉस्को कानून के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया है।