छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में कांग्रेस के एक प्रदर्शन के दौरान एक महिला कांग्रेसी के आग की चपेट में आने की खबर है। पीएम के पुतला दहन की कोशिशों के दौरान आग ने महिला को यूं चपेट में लिया कि उसे बीच चौक में दौड़-दौड़कर बचाव के लिए गुहार लगानी पड़ी। जानकारी मिली है कि मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाई और पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। पढ़िए पूरी खबर-
राजनांदगांव। केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता सविता ठाकुर आग से झुलस गई। राजनांदगांव के मानव मंदिर चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बुधवार को लगभग 11:45 बजे कांग्रेसी महिलाएं पीएम का पुतला फुंक रहीं थीं। इसी बीच महिला कार्यकर्ता की बाल में आग लग गई और उसकी पीठ का हिस्सा भी झुलस गया। आग की चपेट में आते ही महिला मानव मंदिर चौक में बचाने की गुहार लगाते दौड़ने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाई। घटना के दौरान मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि दक्षिण मंडल के कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यकांत जैन पुतले के साथ आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान किसी कार्यकर्ता ने अचानक पुतले में आग लगा दी। हड़बड़ाए जैन ने पुतले को छोड़ दिया और इसके बाद ये हादसा हो गया।