एक दिसम्बर से शुरू होगी धान खरीदी, सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
कोरबा । जिले में आगामी एक दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर किसानों का धान खरीदने की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही है। पिछले वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुये जिले में इस वर्ष भी जीरो शॉर्टेज पर धान खरीदी की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां खरीदी शुरू होने के पहले ही पूरी करने के निर्देश जारी किये हैं। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज इस संबंध में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में राज्य सहकारी विपणन संघ, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सहित खाद्य विभाग के अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती साहू ने धान खरीदी के लिए किसानों को खरीदी केन्द्रों पर सभी संभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होनें जीरो शॉर्टेज पर धान खरीदी के लिए समितियों और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारियों को जिला प्रशासन की तरफ से सभी संभव सहयोग भी देने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने बैठक में पंजीकृत वास्तविक किसानों से ही धान खरीदने के निर्देश अधिकारियों को दिये। श्रीमती साहू ने अनाधिकृत रूप से धान बेचने के लिए आने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने के भी निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ऐसे अवैध रूप से बेचने की कोशिश करने वाले धान को जिला प्रशासन द्वारा जप्त करने की कार्रवाई की जायेगी और संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान का क्रय मूल्य प्रदर्शित करने वाले बैनर अवश्य ही लगाये जाये। उन्होनें धान खरीदी केन्द्रों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सहित बिजली की व्यवस्था करने के भी निर्देश बैठक में दिये। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों पर निर्मित चबूतरों पर ही सुरक्षित रूप से धान के बोरे रखने के निर्देश अधिकारियों को दिये। श्रीमती साहू ने धान खरीदी केन्द्रों में जल निकासी की व्यवस्था और खरीदे गये धान को आकस्मिक बारिश से बचाने के लिए तालपत्री-केप कव्हर की भी पहले से ही व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होनें सभी धान खरीदी केन्द्रों में नापतौल के लिए कांटाबाट को संबंधित विभाग द्वारा जांच कराकर प्रमाणित कराने और सही तौल करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। उन्होनें धान रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदानों की भी समय रहते व्यवस्था कर लेने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने धान खरीदी के समय किसानों से खरीदी जाने वाली धान की मात्रा को अनिवार्य रूप से उनकी ऋण पुस्तिका में इन्द्राज करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर श्रीमती साहू ने धान में नमी की जांच के लिए सभी खरीदी केन्द्रों में आर्द्रतामापी यंत्रों की व्यवस्था करने और उनका कैलीब्रेसन खरीदी शुरू होने के पहले करा लेने के निर्देश भी दिये। उन्होनें सभी धान खरीदी केन्द्रों में कम्प्यूटर, प्रिंटर, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर आदि संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी बैठक में दिये।
फैक्ट फाईल
०1 दिसम्बर से खरीदी की होगी शुरुआत
०जिले में 41 समितियों के 49 उपार्जन केन्द्रों पर होगी खरीदी
० अब तक लगभग 38 हजार 222 किसानों ने कराया पंजीयन
० इस वर्ष अब तक 5 हजार 631 नए किसान पंजीकृत
०इस वर्ष एक लाख 54 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का अनुमान
० वर्तमान में उपलब्ध बारदाना दो हजार 603 गठान, 13 लाख एक हजार 226 नग बारदाना
० अवैध धान की आवक और बिक्री रोकने के लिए जिले में 15 चेकपोस्ट बने। एसडीएम और तहसीलदारों की अध्यक्षता में जांच दलों का गठन। उपार्जन केन्द्र स्तर पर निगरानी समितियां भी बनीं।
धान खरीदी के लिए कलेक्टर नियुक्त किए 49 नोडल अधिकारी
खरीदी और भुगतान की होगी मॉनिटरिंग
राज्य सरकार के निर्देश अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में जिले में धान खरीदी के लिए अभी तक 49 उपार्जन केन्द्र बनाये गए हैं। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने इन सभी उपार्जन केन्द्रों पर धान खरीदी की समुचित व्यवस्था के निरीक्षण-पर्यवेक्षण के लिये 49 नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिये हैं। सभी नोडल अधिकारियों को समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के समय खरीदी गई मात्रा, किसानों को किये गये भुगतान आदि की मॉनीटरिंग के निर्देश भी जारी किये गये हैं।