हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन 7 उपार्जन केंद्रों में बोहनी हुई। 23 किसानों ने 915.60 क्विंटल धान बेचा। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त अधिकारियों के निगरानी के बीच धान खरीदी अभियान चलेगा।
यहां बताना होगा कि पूरे प्रदेश में 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक नगद एवं लिंकिंग में धान खरीदी की जाएगी। जिले में भी 41 समितियों के 54 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी होगी।इस साल धान 38 हजार 222 पंजीकृत किसानों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी।जिसमें 5 हजार 631 नए किसान शामिल हैं। पहले दिन जिले में धान बेचने 7 उपार्जन केंद्रों में 23 किसानों ने टोकन कटवाया था। समिति के पदाधिकारियों ,अधिकारियों जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच पूजा अर्चना कर धान खरीदी की गई। पहले दिन 915 .60 क्विंटल धान की आवक हुई। समिति के पदाधिकारियों ने किसानों के धान की गुणवत्ता और उसमें नमी की जांच कर धान की तौलाई की। खरीदी गई मात्रा को किसानों की ऋण पुस्तिका में दर्ज किया गया। बेचे गये धान का दाम सीधे किसानों के बैंक खातों में आज ही डिजिटल तरीके से जमा किया जायेगा।खरीफ विपणन वर्ष 2021 -22 में जिले में 15 लाख 54 हजार 344 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी होगी। कॉमन धान का समर्थन मूल्य एक हजार 940 रूपए प्रति क्विंटल और ए ग्रेड धान का समर्थन मूल्य एक हजार 960 रूपए निर्धारित किया गया है। मक्का एक हजार 870 रूपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। किसानों से अधिकतम 15 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तक धान खरीदा जाएगा। समर्थन मूल्य पर किसानों से मक्का की खरीदी एक दिसंबर से 28 फरवरी 2022 तक की जाएगी। मक्का खरीदी की अधिकतम सीमा 10 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित की गई है। सहकारी समितियों में शासकीय अवकाश के दिनों को छोड़कर सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक धान की खरीदी होगी। इसके लिए किसानों को रविवार से शुक्रवार तक सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक टोकन जारी किये जायेंगे। ग्रामवार दिनवार टोकन जारी करने की व्यवस्था समिति स्तर पर निर्धारित होगी। मंगलवार 2 दिसंबर के लिए 125 किसानों ने 4 हजार 866 क्विंटल धान बेचने टोकन कटवाया है।
इन उपार्जन केंद्रों में पहले दिन हुई खरीदी
उपार्जन केंद्र – प्राप्त धान(क्विंटल में)
कटघोरा – 16.80
छुरीकला-56.80
दुरपा -102.40
पाली -264.80
पोंडी-181.60
सिरमिना -185.60
हरदीबाजार -107.60
योग -915.60
5 नए उपार्जन केंद्रों सहित 46 केंद्रों में नहीं हुई बोहनी
जिले में इस साल धान खरीदी के लिए 5 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं । इनमें रंजना ,नुनेरा ,तुमान ,लैंगा व नकटीखार शामिल है। इन पांचों उपार्जन केंद्र सहित जिले के 46 उपार्जन केंद्रों में पहले दिन बोहनी नहीं हुई। हालांकि मंगलवार को सभी उपार्जन केंद्रों से टोकन कटा है लिहाजा सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की शुरुआत हो जाएगी।
प्रभारी कलेक्टर एसपी ने केन्द्र में पहुंच कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्रभारी कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कटघोरा और छुरीकला के धान उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। प्रभारी कलेक्टर-एसपी ने खरीदी केन्द्रों में पहुंचकर किसान उत्पादन प्रमाण पत्र, बारदाना की उपलब्धता, जारी किये जा रहे टोकन, पंजी संधारण तथा धान खरीदी की मात्रा की जानकारी समिति प्रबंधकों से ली। प्रभारी कलेक्टर ने समिति के प्रभारियों को पंजीकृत किसानों के धान खरीदी के लिए अधिक से अधिक संख्या में टोकन जारी करने के निर्देश दिये। दोनों अधिकारियों ने धान उपार्जन केन्द्रों में पहुंचकर धान खरीदी से संबंधित जरूरी व्यवस्थाएं नमीं मापक यंत्र, समर्थन मूल्य से संबंधित डिस्प्ले और बारिश की स्थिति में धान को बचाने के लिये तारपोलिन आदि की व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने रकबा सत्यापन की जानकारी भी किसानों से ली।
इस दौरान एसडीएम कटघोरा नंद जी पाण्डेय, उप पंजीयक जिला सहकारी संस्थाएं बसंत कुमार,जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी एस के जोशी एवं जिला खाद्य अधिकारी जे. के. सिंह भी मौजूद रहे।