हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। दो माह के धान खरीदी त्यौहार का पहला पखवाड़ा बीत चुका है।इस दौरान जिले के 55 उपार्जन केंद्रों में तय लक्ष्य 15 लाख 55 हजार 344 क्विंटल की पूर्ति में समर्थन मूल्य पर 2 लाख 69 हजार 208 क्विंटल धान की आवक हुई।तय लक्ष्य की तुलना 17 फीसदी धान की आवक हुई है। पंजीकृत 38 हजार 222 किसानों में से टोकन कटाने वाले किसानों ने धान बेचा। उतरदा जहां सिरमौर रहा वहीं सपलवा में बोहनी तक नहीं हुई।
जिले में एक दिसंबर से 31 जनवरी तक नगद एवं लिंकिंग व्यवस्था के तहत धान खरीदी की जा रही है। जिले के 55 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी जारी है। सहकारी समितियों में शासकीय अवकाश के दिनों को छोड़कर सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को रविवार से शुक्रवार तक सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक टोकन जारी किये जा रहे हैं। जिले के धान खरीदी केन्द्रों में कॉमन धान एक हजार 940 रूपए प्रति क्विंटल और ए ग्रेड धान एक हजार 960 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। इस साल जिले को 15 लाख 54 हजार 344 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। 41 समितियों के 55 उपार्जन केंद्रों में 38 हजार 222 पंजी
कृत किसानों के माध्यम धान खरीदी की जा रही है।धान खरीदी त्यौहार का पहला पखवाड़ा( 25 फीसदी सफर) पूरा हो चुका है। इसके साथ ही धान खरीदी के आंकड़े भी जारी हो गए हैं। जिसके तहत जिले के किसानों से अब तक 2 लाख 69 हजार 208 क्विंटल धान सहकारी समितियों द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है।जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में अच्छा उत्साह दिख रहा । किसान अपनी मेहनत से खेतों में उगाए धान को ट्रेक्टर-ट्रॉलियों, पिकअप, बैलगाड़ी के साथ-साथ बाईक पर भी धान खरीदी केन्द्रों तक ला रहे हैं। कुल खरीदे गए धान में 2 लाख 48 हजार 969 क्विंटल 60 किलो मोटा और 20 हजार 156 क्विंटल सरना और 82 क्विंटल 80 किलो पतला धान शामिल है। जिले में 16 दिसंबर को धान बेचने के लिए 994 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। इन किसानों से लगभग 39 हजार 096 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।
पहली बार नवापारा पहले पायदान से खिसका ,उतरदा सिरमौर ,धान खरीदी के बीच खुले सपलवा में बोहनी तक नहीं हुई
धान खरीदी के पहले पखवाड़े में उपार्जन केंद्र उतरदा सिरमौर रहा है यहां अब तक 9 हजार 482 क्विंटल धान की आवक हुई है। वहीं सबसे कम धान की आवक जटगा समिति के तुमान उपार्जन केंद्र में हुआ। यहां अब तक 1514 क्विंटल धान की ही आवक हो सकी। अर्से बाद धान खरीदी में सिरमौर रहने वाला उपार्जन केंद्र नवापारा पहले स्थान से खिसक गया। दरअसल नवापारा समिति से प्रशासन की पहल पर धान खरीदी के ऐन वक्त पर प्रस्तावित बेहरचुआं को नवीन उपार्जन केंद्र बनाए जाने की वजह से यह स्थिति नजर आ रही। बेहरचुआं में बेहरचुआं सहित बोकरदा ,सुअरलोट एवं खूंटाकूड़ा के 515 किसान लाभान्वित हो रहे। गत वर्ष यहां के किसानों ने 36 हजार क्विंटल धान नवापारा उपार्जन केंद्र में बेचा था। इस साल दो केंद्रों में बंटने की वजह से नवापारा पहले पायदान से खिसक गया।
मिलरों को 43 फीसदी धान जारी
कुल उपार्जित 2 लाख 69 हजार 208 क्विंटल धान में से राईस मिलरों को 1 लाख 16 हजार 785 क्विंटल धान कस्टम मिलिंग के लिए जारी किया जा चुका है। कुल उठाव का प्रतिशत 43 फीसदी है। निश्चित रूप से अनुपात को बढाए जाने की नितांत आवश्यकता है ताकि शुरू से शार्टेज की संभावना न के बराबर रहे। अभी भी उपार्जन केंद्रों में 1 लाख 52 हजार 423 क्विंटल धान उठाव के लिए शेष रखा है। नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा चावल जमा कराए जाने एवं डीएमओ द्वारा सतत रूप से डीओ जारी करने की स्थिति में इस धान का त्वरित उठाव होगा।