एक दशक बाद राष्ट्रीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता कोरबा में कल से , माता बिंदेश्वरी की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों की टीम दिखाएंगी अपनी प्रतिभा, आयोजन को ऐतिहासिक बनाने जुटा प्रशासन ,कलेक्टर श्रीमती साहू ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कोरबा । जिले में स्व.बिंदेश्वरी देवी की स्मृति में 43वीं राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। 23 मार्च से 31 मार्च तक इस फुटबॉल चौम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसकी अंतिम तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती रानू साहू की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने इस आयोजन को जिले का गौरव बताया तथा आयोजन में शामिल सभी प्रतिष्ठानों और विभागों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने विभिन्न संस्थाओं को सौंपे गए कार्यों के प्रगति की समीक्षा की तथा भोजन, चिकित्सा आदि की उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती साहू ने कहा कि आयोजन में शामिल सभी संस्थाएं एवं विभाग समन्वय से कार्य करते हुए पूरी भव्यता के साथ इस आयोजन को सफल बनायें। श्रीमती साहू ने खेल सामग्री, मैदान व्यवस्था, परिवहन, विद्युत व्यवस्था, खिलाड़ियों के रुकने के लिए भवन व्यवस्था आदि के तैयारियों के संबंध में भी जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। भारतीय महिला फुटबॉल महासंघ के राष्ट्रीय सचिव श्री शेख मोहम्मद जावेद ने बताया कि इस चौम्पियनशिप में 17 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और इस आयोजन में 36 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन कोरबा पूर्व के एसईसीएल और एनटीपीसी के खेल मैदान में होगा।बैठक में जिला पंचायत सीइओ नूतन कंवर, नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय,, एडीएम सुनील नायक सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव पहल ,एशियन गेम्स में देश का कोरबा की छह महिला फुटबाल खिलाड़ियों ने किया था प्रतिनिधित्व

कोरबा शहर में 23 मार्च से आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव प्रयास है। जिले में खेल प्रतिभा को निखारने के लिए राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कोरबा जिले के लिए महिलाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। इस खेल आयोजन से महिलाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित होगी। कोरबा जिले में पांचवी बार राष्ट्रीय स्तर के महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। राज्य बनने के पश्चात सन् 2005 में कोरबा के तत्कालीन कलेक्टर श्री गौरव द्विवेदी के प्रयास से महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कोरबा में राष्ट्रीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके पश्चात 2007, 2008 एवं 2011 को प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। कोरबा में खेल के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त संख्या में खेल मैदान तथा जरूरी संसाधन मौजूद हैं। जिले में लगातार महिला फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित होते रहने के कारण श्रीलंका में हुए 2006 के साउथ एशियन गेम्स में कोरबा की छह महिला फुटबाल खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया था।