भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार के रूप में पेश करने निकाली जा रही ,जानें जयराम रमेश का जवाब

दिल्ली। कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। फिलहाल कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में है। कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को 2024 के लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं। राहुल गांधी को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हो रही है। सबसे ज्यादा इस बात की चर्चा हो रही है कि राहुल गांधी को पीएम पद के उम्मीदवार के तौर पर 2024 में प्रस्तुत करने के लिए कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।

हालांकि, बार-बार कांग्रेस की ओर से इसे खारिज किया जाता रहा है। आज एक बार फिर से कांग्रेस ने इसे पूरी तरीके से खारिज कर दिया। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने के लिए यह कवायद नहीं है। पार्टी की ओर से मीडिया विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने इस सवाल के जवाब में कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने के लिए नहीं है। यह एक वैचारिक यात्रा है, जिसका मुख्य चेहरा राहुल गांधी हैं। यह किसी एक व्यक्ति की यात्रा नहीं है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा चुनावी यात्रा नहीं है, जो वर्तमान में हरियाणा के करनाल से होकर गुजर रही है। उन्होंने कहा कि गांधी ने यात्रा में तीन बड़े मुद्दों को उठाया है, जिसमें आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक निरंकुशता शामिल है।आपको बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से रवाना हुई थी। केरल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के रास्ते फिलहाल ये करनाल में है। महीने के आखिर में ऐसे जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस का दावा है कि वह देश से नफरत के माहौल को खत्म करने के लिए यह यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्राÓ शनिवार सुबह हरियाणा में पानीपत से करनाल जिले में पहुंची और सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां घरौंदा में कोहंद गांव से शुरू हुई यात्रा में भाग लिया।