कोरबा। जिले के बांकीमोगरा को नगर पालिक निगम से पृथक कर नया नगर पालिका परिषद गठित करने संबंधी घोषणा पर राज्य शासन ने अमल शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बांकीमोगरा को नगर पालिका परिषद बनाने की घोषणा पिछले दिनों की थी। जिसके संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय द्वारा आज अधिसूचना जारी कर 21 दिवस के भीतर दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम के 8 वार्डों को बाकीमोगरा नगरपालिका में समाहित किया जाएगा। इसमें वार्ड क्रमांक 60 गेवरा, 61 आदर्श नगर, 62 नरईबोध, 63 मोगरा, 64 घुड़देवा, 65 बाकी मोगरा एक, 66 बाकी मोगरा -2 तथा वार्ड क्रमांक 67 गजरा को नगर पालिक निगम से पृथक कर बाकीमोगरा नगर पालिका परिषद में शामिल किया जाएगा।
8 वार्डों में 46 हजार 297 की आबादी
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के 8 वार्डों में 2011 कई जनगणना के अनुसार 46 हजार 297 की आबादी बसी है। इनमें सबसे अधिक आबादी बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 65 की है। यहां 5 हजार 985 की आबादी निवासरत है। वहीं सबसे कम आबादी वार्ड क्रमांक 61 आदर्श नगर की है।यहाँ की आबादी 2011 की जनगणना अनुसार 5 हजार 234 है।