रामपुर विधायक ने गिरदावरी की आड़ में किसानों के धान का रकबा घटाने का लगाया आरोप,कलेक्टर से की रिकार्ड सुधार की मांग ,बोले प्रदेश में सरकार बनने पर भाजपा सभी किसानों को उनके धान उत्पादन के वास्तविक रकबा के आधार पर समर्थन मूल्य से धान खरीदेगी

कोरबा । जिले के कद्दावर आदिवासी नेता और रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक प्रत्याशी ननकीराम कंवर ने गिरदावरी के नाम पर किसानों के धान का रकबा घटाने की ओर कलेक्टर कोरबा का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गिरदावरी रिकार्ड में सुधार करने की मांग कलेक्टर से की है।उन्होंने कहा है कि वर्तमान कृषि वर्ष में सभी किसानों के धान की फसल का रकबा गिरदावरी की आड़ में कम कर दिया गया है।

किसानों के बार बार अनुरोध करने के बाद भी पटवारियों ने गिरदावरी रिकार्ड में सुधार नहीं किया है। राजस्व विभाग के उच्च अधिकारी भी किसानों की कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। विधायक श्री कंवर ने कलेक्टर कोरबा से किसानों की समस्या को संज्ञान में लेकर त्वरित निराकरण की मांग की है।भाजपा विधायक कंवर ने यह भी कहा है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर सभी किसानों को उनके धान उत्पादन के वास्तविक रकबा के आधार पर समर्थन मूल्य से धान की खरीदी की जाएगी। पटवारियों द्वारा की गई गिरदावरी को धान खरीदी का आधार नहीं मन जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को देखते हुए पहले तो कांग्रेस सरकार ने जानबूझ कर किसानों के धान की फसल का रकबा कम करा दिया और अब समर्थन मूल्य बढ़ाने का दिखावा कर रही है। श्री कंवर ने कहा है कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में 36 वादे किए थे जिनमें से उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने खुद स्वीकार किया है कि केवल 12 वायदे पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि 24 वायदे पूरे ही नहीं किये गए हैं। 12 वायदे भी आधे अधूरे अमल में लाये गए हैं।