18वीं लोकसभा में नारीशक्ति की गूंजेगी आवाज , चुनकर आईं 74 महिला सदस्य , ये राज्य रहा सिरमौर

दिल्ली। 18वीं लोकसभा के लिए कुल 74 महिला सदस्य (13.62 प्रतिशत) जीतकर आई हैं जो 2019 की 78 महिला सदस्यों (14 प्रतिशत) के मुकाबले थोड़ी कम हैं। सबसे ज्यादा 11 महिला सदस्य बंगाल से चुनकर आई हैं।

ताजा लोकसभा चुनावों में 797 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। इनमें से भाजपा ने सर्वाधिक 69 और कांग्रेस ने 41 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया था। लोकसभा एवं विधान सभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने वाला विधेयक संसद से पारित होने के बाद यह पहला चुनाव था, हालांकि यह कानून अभी लागू नहीं हुआ है।थिंक टैंक पीआरएस के विश्लेषण के अनुसार, 16 प्रतिशत महिला सांसद 40 वर्ष से कम उम्र की हैं। 41 प्रतिशत महिला सांसद पूर्व में भी लोकसभा की सदस्य रह चुकी हैं। इनमें से एक महिला सांसद पूर्व में राज्यसभा की सदस्य रही हैं।विश्लेषण में चुनाव आयोग के आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि भाजपा की 30, कांग्रेस की 14, तृणमूल कांग्रेस की 11, सपा की चार, द्रमुक की तीन, जदयू एवं लोजपा (रामविलास) की दो-दो महिला प्रत्याशी इस चुनाव में विजयी हुई हैं। विश्लेषण के अनुसार, महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में भारत अभी भी कई देशों से पीछे हैं। ये चिंता का विषय है। उदाहरण के तौर पर दक्षिण अफ्रीका में 46 प्रतिशत, ब्रिटेन में 35 प्रतिशत और अमेरिका में 29 प्रतिशत सांसद महिलाएं हैं।