समितियों में अवैध धान खपाने के मंसूबे होंगे नाकाम, धान खरीदी अभियान के पहले दिन ही अजगरबहार तहसीलदार श्री राठिया ने धनगांव में जब्त किया शासकीय भूमि पर उगाए गए 5 अतिक्रमणकारियों से साढ़े 6 क्विंटल धान,मचा हड़कम्प …..

समितियों में अवैध धान के विक्रय, रिसाइक्लिंग पर रोक लगाने प्रशासन गंभीर,कलेक्टर के निर्देशन में अवैध धान पर जब्ती की कार्यवाही जारी …

कोरबा । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुसार धान उपार्जन केंद्रों में अवैध धान के विक्रय पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा गम्भीरता से कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में जिले के सहकारी समितियों में अवैध धान के आवक, धान की रिसाइक्लिंग, कोचियों- बिचौलियों के धान की विक्रय एवं राजस्व भूमि पर कब्जाकर लगाए गए धान की बिक्री को रोकने हेतु राजस्व अमला द्वारा मुश्तैदी से कार्य किया जा रहा है।

इस हेतु प्रशासन द्वारा समितियों में धान के आवक पर निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में कोरबा विकासखण्ड के अजगरबहार तहसीलदार एम एस राठिया के नेतृत्व में राजस्व अमले की कार्रवाई जारी है। तहसीलदार श्री राठिया हल्का पटवारी रामसिंह कंवर ,द्वारिका कैवर्त की संयुक्त टीम ने ग्राम धनगांव में 5 अतिक्रमणकारियों से साढ़े 6 एकड़ शासकीय भूमि पर लगाए धान की फसल जब्त किया है। 5 अतिक्रामक क्रमशः जवाहर सिंह पिता बाबूलाल का 1.5 एकड़, नारायण पिता बुधकर सिंह का 1 एकड़, सारेम सिंह पिता होरी सिंह का 1.5 एकड़, शिवराज सिंह पिता दृगपाल सिंह 1 एकड़, देव प्रसाद पिता शिव कुमार का 1.5 एकड़ में लगे कुल 6.5 एकड़ में लगे धान की फसल को फसल जप्ती की कार्यवाही की गई। इससे पूर्व दिवस बुधवार को


ग्राम खैरभवना में तहसीलदार अजगरबहार मनहरण राठिया एवं राजस्व टीम द्वारा लगभग 1.68 एकड़ शासकीय भूमि में कब्जा कर लगाए गए फसल पर जब्ती की कार्यवाही की गई है। जिससे इस धान की बिक्री उपार्जन केंद्र में पंजीकृत खाते से नही हो पाए। गौरलतब है कि यह भूमि बांगो परियोजना के तहत 30-40 वर्ष पूर्व शासन द्वारा अधिग्रहित किया गया है। जिस पर गंगा सिंह कंवर द्वारा फसल लगाकर कब्जा किया गया था। राजस्व विभाग द्वारा इस पर संज्ञान लेकर कार्यवाही की गई है। जिससे जिले के पंजीकृत किसानों का वैध धान ही समितियों में विक्रय हो।