बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया है। सोमवार दोपहर लगभग 2:15 बजे कुटरू मार्ग पर बेदरी-अंबेली नाला के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग (आईईडी) विस्फोट कर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के वाहन को उड़ा दिया। इस हमले में डीआरजी के नौ जवान और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि विस्फोट के कारण वाहन के टुकड़े 20 फीट ऊंचे पेड़ों पर जा गिरे और सड़क पर 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। मौके पर जवानों के शरीर के अंग बिखरे हुए थे। यह दृश्य किसी को भी झकझोर देने वाला था।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि यह हमला नक्सलियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। माओवादियों को जवानों की मूवमेंट की पहले से जानकारी थी। उन्होंने एंबुश लगाकर बारूदी सुरंग बिछाई थी। जैसे ही सुरक्षा बलों का काफिला वहां पहुंचा, आईईडी विस्फोट किया गया। विस्फोट के तुरंत बाद घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर भेजा गया। घायल जवानों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। आईजी सुंदरराज पी. और डीजीपी अशोक जुनेजा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। इस हमले से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नक्सल ऑपरेशन प्रमुख का बयान
नक्सली बस्तर में चल रहे उन्मूलन अभियान से बौखलाए हुए हैं और इस प्रकार की कायरतापूर्ण हरकतें कर रहे हैं। नक्सल ऑपरेशन के चीफ विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि माओवादी बस्तर में चल रहे उन्मूलन अभियान से बौखलाए हुए हैं और इस प्रकार की कायरतापूर्ण हरकतें कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है।मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।