जांच में जुटी पुलिस, एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर-
सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गये तस्करों के कब्जे से 47 लाख 20 हजार रुपए का गांजा ज़ब्त किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे बड़े रैकेट का पता चलेगा। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने देर रात एक प्रेस कांफ्रेंस करके पूरे घटना की जानकारी दी। प्राथमिक जांच में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से सतना लाई गई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि- ‘गांजा की तस्करी की जा रही है। इसके बाद एक जांच टीम गठित की गई और जांच की तो वहां से गांजा मिला। गांजे के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गांजा तस्करों का नाम आशीष चौहान और राजू बताया जा रहा है। दोनों कोठी के ही रहने वाले हैं। इसके अलावा पूछताछ में मुन्ना पंडित नामक व्यक्ति के खेत में ट्यूबवेल के पास छुपा कर रखा गया गांजा जब्त किया गया।’ पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुल 472 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 47 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसका नाम राजकरण है। उसकी तलाश की जा रही है।