CG : नक्सलियों की कायराना करतूत जारी , मुखबिरी के शक में 2 ग्रामीणों को अगवा कर कर दी हत्या ,केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन से पहले दहशत फैलाने की कोशिश ….

बीजापुर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ पहुंचने से ठीक पहले नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आयी है। बीजापुर जिला में नक्सलियों ने 2 ग्रामीणों को अगवा कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद जहां क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। बताया जा रहा है कि मरने वाले ग्रामीणों में एक सरेंडर नक्सली भी शामिल है। जिन्हे नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में पुलिस ने सर्चिंग तेज कर दी है।

हत्या की ये वारदात बीजापुर जिला के पामेड़ थाना क्षेत्र का है।जानकारी के मुताबिक मृतकों का नाम समैय्या और वेको देवा है। बताया जा रहा है कि समैय्या पहले नक्सली था। उसने साल 2025 में ही आत्मसमर्पण किया था। वहीं वेको देवा स्थानीय ग्रामीण है। ये दोनों ग्रामीण नक्सल प्रभावित सेंड्राबोर और एमपुर गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात बड़ी संख्या में नक्सली गांव में पहुंचे थे। गांव से नक्सलियों ने दोनों ग्रामीणों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हे अगवा कर अपने साथ ले गये।

पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए नक्सलियों ने सरेंडर नक्सली समैय्या और वेको देवा की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को गांव के पास ही फेंककर नक्सली जंगल में लौट गये। सुबह दोनों ग्रामीणों की लाश देखने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई है।

आपको बता दे 6 दिनों के भीतर नक्सलियों ने 5 ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया है। इससे पहले 17 जून को नक्सलियों ने 3 लोगों की हत्या करने के साथ ही आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों की बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। ग्राम पेद्दाकोरमा में हुए इस घटना के बाद ग्रामीण काफी दहशत में थे। इस घटना के बाद अब ग्रामीणों ने एक बार फिर दो ग्रामीणों को अगवा कर उनकी हत्या कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।