रूस। रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा उन्हें पद से बर्खास्त किए जाने के कुछ ही घंटों बाद मृत पाए गए। स्टारोवोइट को मॉस्को में उनकी टेस्ला कार के पास गोली लगने के घाव के साथ पाया गया।
रूसी जांच समिति ने पुष्टि की है कि स्टारोवोइट का शव वाहन के बाहर, कथित तौर पर उनके घर के पास एक स्थानीय पार्क के पास झाड़ियों में मिला था। घटनास्थल पर उनके नाम से पंजीकृत एक पिस्तौल भी मिली। समिति ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि हम वर्तमान में स्टारोवोइट की मौत की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बर्खास्तगी की घोषणा के बाद स्टारोवोइट ने मॉस्को के एक उपनगर में खुद को गोली मार ली। जांच समिति ने कहा कि उनका शव उनकी कार में मिला। पुतिन के आदेश में स्टारोवोइट को नौकरी पर बमुश्किल एक साल बाद बर्खास्त करने का कोई कारण नहीं बताया गया।
कुर्क के गवर्नर रहे
स्टारोवोइट को पुतिन ने मई 2024 में परिवहन मंत्री नियुक्त किया था। इससे पहले वे 5 वर्षों तक कुर्क के गवर्नर रहे। आधिकारिक आदेश में हटाने का कारण नहीं बताया गया, लेकिन यह घटनाक्रम सप्ताहांत के दौरान रूस की हवाई यातायात प्रणाली में आई अव्यवस्था और ड्रोन हमलों के बाद सामने आया।
कुर्क में भ्रष्टाचार के मामलों से भी जुड़ा था नाम👇
5 और 6 जुलाई को यूक्रेनी ड्रोन हमलों के चलते मॉस्को के शेरेमेत्येवो और सेंट पीटर्सबर्ग के पुल्कोवो एयरपोर्ट पर 300 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। उस्त-लुगा बंदरगाह पर एक टैंकर में विस्फोट हुआ, जिससे अमोनिया रिसाव की स्थिति बन गई थी। इस पर भी मंत्रालय की कार्यशैली पर सवाल उठे। कुर्क के गवर्नर के रूप में भी स्टारोवोइट के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप भी थे। अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना ने कुर्क घुसपैठ की थी, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद रूसी क्षेत्र में सबसे बड़ा हमला माना गया। तब प्रशासनिक लापरवाही के लिए स्टारोवोइट की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया गया। कुर्क के तत्कालीन गवर्नर एलेक्सी स्मिरनोव को 95 करोड़ रु. की हेराफेरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह घोटाला स्टारोवोइट के कार्यकाल के दौरान ही शुरू हुआ था।