रायपुर। साय मंत्रिमंडल में विस्तार के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजनीति में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में सर्वश्री गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल एवं गुरू खुशवंत साहेब को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रीपरिषद के सदस्यगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
शपथ लेने वाले तीन नए मंत्री👉

👉गजेंद्र यादव – विधायक, दुर्ग संभाग- शपथ के दौरान उन्होंने अपने नाम के साथ पिता का नाम जोड़कर शपथ ली, जो एक भावुक और पारंपरिक पहलू के रूप में देखा जा रहा है।

👉गुरु खुशवंत साहब – विधायक, आरंग (रायपुर संभाग)- लोकप्रिय और सादा जीवन शैली के लिए पहचाने जाने वाले गुरु खुशवंत साहब ने उत्साही माहौल में शपथ ली।

👉राजेश अग्रवाल – विधायक, अंबिकापुर (सरगुजा संभाग)- अंत में शपथ लेने वाले अग्रवाल राज्य के प्रमुख नेताओं में से एक माने जाते हैं।
विभागों का बंटवारा जल्द, कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव👇
तीनों मंत्रियों को आज दोपहर बाद विभागों का आवंटन किया जाएगा। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास फिलहाल जो अतिरिक्त विभाग हैं, वे भी आज बांटे जाएंगे। इसमें शिक्षा विभाग प्रमुख रूप से शामिल है।
संभावित विभागों को लेकर चर्चाएं👇
गजेंद्र यादव को शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग मिलने की संभावना जताई जा रही है। गुरु खुशवंत साहब को धर्म, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। राजेश अग्रवाल को परिवहन और खनिज संसाधन विभाग मिलने की अटकलें हैं।
संतुलन साधने की कोशिश 👇

इस विस्तार के जरिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है। तीनों नेता अलग-अलग संभागों से हैं, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा, जिससे राज्य के भौगोलिक प्रतिनिधित्व को मजबूती मिली है।