नई दिल्ली। अल्बानिया दुनिया का ऐसा पहला देश है, जिसने आधिकारिक तौर पर अपनी कैबिनेट में एक नॉन ह्यूमन मंत्री को शामिल किया है। यह पूरी तरह एआई से बनी है। इसका नाम डिएला रखा गया है।
डिएला की नियुक्ति ने पहले ही काफी सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब खबर है कि एआई से बनी यह मंत्री प्रेग्नेंट भी हो गई हैं।
कहा जा रहा है कि एआई डिएला 83 बच्चों को जन्म देगी। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने इस संबंध में जानकारी दी है। आपको सुनकर जरूर आश्चर्य हो रहा होगा कि आखिर एआई से बनी मंत्री प्रेग्नेंट कैसे हो गई और वह एक साथ 83 बच्चों को जन्म कैसे दे सकती हैं।
👉 AI असिस्टेंट बनाने पर विचार कर रही सरकार
दरअसल अल्बानिया की सरकार हर सांसद के लिए एआई असिस्टेंट बनाने पर विचार कर रही है। इसे उन्होंने डिएला के प्रेग्नेंट होने और 83 बच्चों को जन्म देने से जोड़कर बताया है। बर्लिन में ग्लोबल डायलॉग (बीजीडी) में अल्बानिया के पीएम ने कहा, ‘हमने डिएला के साथ एक बड़ा जोखिम उठाया और इसमें सफल रहे। डिएला प्रेग्नेंट हैं और उनके पेट में 83 बच्चे हैं।’
उनके मुताबिक, ‘ये बच्चे यानी असिस्टेंट संसद में होने वाली हर घटना को रिकॉर्ड करेंगे और सांसदों को छूट गए कार्यक्रमों और चर्चाओं के बार में जानकारी देंगे। हर एक बच्चा सांसदों के लिए असिस्टेंट के रूप में काम करेगा। यह सांसदों को सुझाव भी देंगे। इन्हें अपनी मां यानी डिएला के बारे में भी जानकरी होगी।’
👉2026 तक पूरी तरह लागू हो जाएगी व्यवस्था
अल्बानिया 2026 तक इस सिस्टम को पूरी तरह जमीन पर उतारने की दिशा में काम कर रहा है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने कहा, ‘मान लीजिए कि आप कॉफी पीने गए और काम पर आना भूल गए, यह बच्चे वही कहेंगे, जो हॉल में उस दौरान कहा गया था। ये बताएंगे कि सांसदों को किस पर काउंटर अटैक करना है। जब अगली बार मैं आऊंगा तो डिएला के बच्चों के लिए 83 स्क्रीन भी होगी।’
बता दें कि डिएला को अल्बानिया की सार्वजनिक खरीद प्रणाली को पूरी तरह से पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सितंबर में नियुक्त किया गया था। एआई द्वारा निर्मित इस मंत्री को पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में एक महिला के रूप में दिखाया गया है। डिएला को सार्वजनिक निविदाओं से संबंधित सभी निर्णय लेने की ज़िम्मेदारी दी गई है, जिससे वे 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त हो सकें।
