रांची। भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे में सिक्सर किंग बन गए हैं। उन्होंने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में तीसरा छक्का जड़ते ही इतिहास रच दिया। यह रोहित के बल्ले से निकला 352वां छक्का था। इस छक्के के साथ ही हिटमैन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान दिग्गज ऑलराउंडर रहे शाहिद अफरीदी के 351 वनडे छक्के के विश्व रिकार्ड को तोड़ दिया। खास बात यह है कि रोहित ने अफरीदी की तुलना 100 इनिंग पहले ही यह मुकाम हासिल कर लिया।
अब रोहित के नाम ODI करियर में 352 छक्के दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 269 पारियों में हासिल की, जबकि अफरीदी ने 369 पारियों में 351 छक्के जड़े थे। यानी रोहित ने 100 पारियां कम खेलकर अफरीदी को पछाड़ दिया।
👉ODI में सबसे अधिक छक्के:

- रोहित शर्मा (भारत) – 352*
- शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) – 351
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 331
- सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 270
- एमएस धोनी (भारत) – 229
सबसे खास बात यह कि रोहित शर्मा दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ही टीम (भारत) के लिए 350+ छक्के जड़े हों। अफरीदी के 351 छक्कों में से 2 छक्के उन्होंने ICC वर्ल्ड XI की तरफ से लगाए थे, इसलिए पाकिस्तान के लिए उनके नाम 349 छक्के ही थे।
👉एक ही देश के लिए सबसे ज्यादा ODI छक्के:

- रोहित शर्मा (भारत) – 352
- शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) – 349
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 330
- सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 268
- एमएस धोनी (भारत) – 222


मैच के दौरान रोहित और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। विराट ने 48 गेंदों में छक्के के साथ अपना 76वां ODI अर्धशतक पूरा किया, जबकि रोहित ने 43 गेंदों पर अपना 60वां वनडे फिफ्टी जड़ा। इसी पारी में हिटमैन ने वह ऐतिहासिक छक्का भी लगाया, जिसने उन्हें ODI का नया सिक्सर किंग बना दिया।
