कोरबा। रेलवे स्टेशन को छोड़ दें तो चांपा तक 5 हॉल्ट (स्टेशन) हैं। जिसमें उरगा, सरगबुंदिया, मड़वारानी, कोथारी व बालपुर शामिल हैं। कोरबा से आगे -गेवरारोड रेलवे स्टेशन भी है। कुछ दिनों में उरगा हॉल्ट का ओहदा बढ़ जाएगा। जिले का यह पहला स्टेशन है जहां 1-2-3 नहीं वरन 4 एवं 5 नंबर प्लेटफार्म से भी गाड़ियां दौड़ेंगी। जिसके कारण यह स्टेशन रेलवे के प्रमुख स्टेशनों की सूची में शामिल हो जाएगा।

कोरबा रेलवे स्टेशन से चांपा रूट पर पड़ने वाले उरगा स्टेशन में 4 व 5 नंबर हो प्लेटफार्म का काम तेजी से चल रहा है। प्लेटफार्म आकार ले चुका है। जिसके दोनों तरफ अतिरिक्त लाइन भी बिछा दी गई हैं। उक्त लाइनों को मुख्य लाइन से जोड़ने ने प्लेटफार्म के दोनों ओर एप्रोच रोड का भी काम कुछ दिनों में शुरू जाएगा। जिस गति से उरगा स्टेशन में विकास कार्य रेलवे द्वारा कराया जा रहा है उससे यह साफ है कि ये सभी तैयारियां भविष्य में जंक्शन बनाने के लिए हो रही हैं। भविष्य में उरगा का स्वरूप काफी बदला नजर आएगा। ईस्ट व वेस्ट रेल कॉरिडोर के बनने तक इंतजार करना पड़ेगा। दोनों रेल कॉरिडोर उरगा से जुड़ जाएंगे। जहां से चारों दिशाओं से ट्रेनों का परिचालन होने लगेगा। ईस्ट कॉरिडोर को जोड़ने के लिए अभी उरगा-कुसमुंडा के बीच नई लाइन बना ली गई है, जिसका परीक्षण भी कर लिया गया है। यह लाइन सीधे पेंड्रारोड से कनेक्ट हो जाएगी। वहीं दूसरा कॉरिडोर धरमजयगढ़ से आने वाली लाइन उरगा से कनेक्ट हो जाएगा।
👉एफओबी की भी मिल चुकी है मंजूरी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा उरगा स्टेशन में एक और एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) बनाने की मंजूरी काफी पहले मिल चुकी है। नया एफओबी प्लेटफार्म 2-3 को जोड़ते हुए प्लेटफार्म नंबर 4-5 तक जाएगा। जबकि पहले से ही प्लेटफार्म नंबर 1 को 2-3 नंबर से जोड़ दिया गया है। प्लेटफार्म बनने के बाद एफओबी को विस्तार देने का काम शुरू हो जाएगा। जिससे एक दूसरे छोर से यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में आसानी होगी। अभी प्लेटफार्म नंबर 2-3 तक आने के लिए भैसमा छोर के यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
