खेल । T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर -8 के मुकाबले में अपना खिताब बचाने की उम्मीद से उतरी टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने जोरदार पटखनी देकर झकझोर दिया है. ग्रुप स्टेज में अजेय रही टीम इंडिया को पिछली बार की उपविजेता साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से रौंद दिया. साउथ अफ्रीका ने भारत को 188 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में पूरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रनों पर ढेर हो गई.

भारत की ओर से शिवम दुबे (42) के अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज 20 का आंकड़ा नहीं छू पाया. यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले उसे 2019 में न्यूज़ीलैंड ने 80 रनों से मात दी थी.

यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग पर उतरी अफ्रीकी टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही, जब पावरपले में उसने 20 रन जोड़ने तक अपने 3 विकेट गंवा दिए. लेकिन यहां डेविड मिलर (63) और डेवाल्ड ब्रेविस (45) की जोड़ी ने 89 रनों की साझेदारी कर टीम को ड्राइविंग सीट पर ला दिया. इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स (44) ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन योगदान देकर टीम को 187 रनों तक पहुंचा दिया.


भारत से यहां इस मुकाबले के चेज की उम्मीद थी. लेकिन इस टूर्नामेंट में पहली बार चेज पर उतरी टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई. भारत ने सिर्फ 26 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए. साउथ अफ्रीका को तो यहां मिलर ब्रेविस का सहारा मिल गया था. लेकिन भारत को वॉशिंग्टन सुंदर (11), कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) और हार्दिक पांड्या (18) जैसे बल्लेबाज टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए.
👉चौथी बार भी नहीं चले अभिषेक

मैच की हार का सबसे बड़े कारणों में से अभिषेक शर्मा को भी माना जा रहा है, जो 12 बॉल में 15 रन ही बना पाए. इस टूर्नामेंट में 3 बार 0 पर आउट होने के बाद उन्होंने यहां पहली बार खाता खोला था. लेकिन वह अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का जमाने के बाद भी किसी भी मौके पर भरोसे में नहीं दिखे. वह पावरप्ले में ही पवेलियन लौट गए.
👉सेमीफाइनल में पहुंचने दोनों मैच बेहतर रन रेट से जीतने की चुनौती

इस हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का संघर्ष कड़ा हो गया है. अब सुपर 8 में उसके पास 2 ही मुकाबले बचे हैं, जहां उसे जीत दर्ज करने के साथ-साथ अपने नेट रन रेट (NRR) को भी बेहतर बनाना होगा. इस हार के साथ ही टीम इंडिया का NRR -3.800 हो गया है.
भारत को अपना अगला मैच 26 फरवरी (गुरुवार) को जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है. इसके बाद इस राउंड का तीसरा और अंतिम मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर रविवार 1 मार्च को खेलेगी.
