कोरबा। कोरबा जिले में लकड़ी तस्करी का मामला पकड़ने आधी रात के वक्त भागदौड़ मची रही। वनमण्डल कटघोरा के वनपरिक्षेत्र पसान अंतर्गत परिसर लैंगा के ग्राम रामपुर में लकड़ी तस्करी का मामला पकड़ा गया है।


पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि 22 फरवरी की रात्रि लगभग 12:30 बजे मुखबिर के द्वारा सूचना मिली कि राजस्व क्षेत्र में काटे गये साल लकड़ी का परिवहन ट्रक के माध्यम से किया जा रहा है। वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत को अवगत कराने पर उनके द्वारा टीम गठित किया गया। उप वनमण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में अवैध रूप से साल प्रजाति के लकड़ी का परिवहन करते वाहन को पकड़ने हेतु वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान मनीष सिंह एवं वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी परिक्षेत्र सहायक पसान, कौशल प्रसाद द्विवेदी वनपाल, सुरक्षा श्रमिक श्री भीमसेन के साथ वन अमला के द्वारा घेराबंदी किया गया। रात्रि लगभग 1:40 बजे कक्ष कमांक ओ.ए. 650 में वनोपज परिवहन करते वाहन का पीछा किया गया।

रामपुर से धवलपुर मार्ग में कुछ दूरी पर जाकर चालक वाहन को लावारिस हालत में छोड़ कर भाग गया। वनोपज साल प्रजाति के 15 नग लट्ठा मात्रा 6.50 घ.मी. लकड़ी अनुमानित राशि लगभग 3 लाख रूपये तथा वाहन ट्रक (लगभग 20 लाख अनुमानित मुल्य) को जप्ती कर वन अपराध प्रकरण कायम कर वाहन कमांक MP17HH3677 को वनअधिनियम 1927 की धारा 52,55,42 (i) (ii) एवं छ.ग. अभिवहन (वनोपज) की धारा 3, 16 के तहत कार्यवाही करते हुए वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय तक अन्य वाहन चालक के द्वारा लाया गया। वाहन को जप्त कर अगामी कार्यवाही की जा रही है। वाहन के पंजीयन नम्बर के आधार पर उसके मालिक आदि का पता लगाया जा रहा है।
