T 20 WORLD CUP 2026 FINAL : घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही भारत टीम पर खिताब बरकरार रखने का जबरदस्त दबाव ,जरूरत पड़ी तो अरबों खेल प्रेमियों का दिल तोड़ देंगे -सेंटनर, सूर्या निकले समझदार,किया ऐसा पलटवार …

अहमदाबाद । टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से एक दिन पहले भारत और न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मीडिया के सामने मुखातिब हुए. पहले मिचेल सैंटनर ने टीम इंडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को शांत करने का है, कुछ दिल टूट भी जाए तो दिक्कत नहीं.

सैंटनर ने इसके साथ ही फाइनल का गेम प्लान बताकर टीम इंडिया को फंसाने की कोशिश की. हालांकि, सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम कीवी के जाल में नहीं फंसने वाले हैं.

मिचेल सैंटनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उम्मीद है एक हाई स्कोरिंग मुकाबला होगा. भारत को 250 के बजाय 220 रनों पर रोकने की कोशिश से हमें अच्छा मौका मिल सकता है. जब शनिवार को शाम में सूर्यकुमार यादव से इसपर प्रतिक्रिया देने को कहा गया तो उन्होंने कीवी कप्तान को झूठा कह दिया.

👉न्यूजीलैंड के जाल में नहीं फंसेगी टीम इंडिया

भारतीय कप्तान सूर्या ने कहा, ”वो झूठ बोल रहा है. हम अच्छी बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे. अगर हम 225 या 250 रन बना लेते हैं तो अच्छा होगा. लेकिन कभी-कभी विकेट अलग होता है, और हमें अलग तरह से खेलना पड़ता है. हम ड्रेसिंग रूम से यह अनुमान नहीं लगाते कि हमें इतना रन बनाना है. पिच की जो भी मांग होती है, हमें उसी के अनुसार खेलना होता है.

सूर्यकुमार यादव ने ये बयान देकर न्यूजीलैंड के प्लान को मैच से पहले विफल कर दिया है. मिचेल सैंटनर टीम इंडिया पर कम से कम 220 रन बनाने का दबाव डालना चाहते थे ताकि आक्रामक रवैया अपनाने के दौरान भारतीय बल्लेबाजों से गलती हो. हालांकि, ये टीम इंडिया इस जाल में फंसने वाली नहीं है. सूर्या ने साफ कहा कि हम पिच और परिस्थियों के अनुसार बल्लेबाजी करेंगे.

फाइनल से एक दिन पहले मीडिया के सामने रूबरू होते हुए सूर्यकुमार यादव से जब पूछा गया कि मिचेल सैंटनर ने जो चेतावनी दी है, उसपर आप क्या कहना चाहेंगे तो सूर्या ने मजेदार जवाब देते हुए कहा, ”सब एक ही तरह की डायलॉग चिपका रहे हैं, कुछ अलग भी तो बोलो.”

👉फाइनल से पहले सैंटनर की चेतावनी

फाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर मीडिया को संबोधित करते हुए न्यूजीलैंड के कप्तान सैंटनर ने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही भारत टीम पर खिताब बरकरार रखने का जबरदस्त दबाव होगा. उन्होंने कहा, “लक्ष्य तो दर्शकों को शांत कराना है, लेकिन क्रिकेट में कई चुनौतियां होती हैं और वे बदलती रहती हैं. मुझे लगता है कि घरेलू मैदान पर जीत हासिल करने का भारत पर काफी दबाव है.”