बलरामपुर । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती का एक और मामला सामने आया है। कुसमी क्षेत्र के बाद अब कोरंधा थाना क्षेत्र के खजूरी पंचायत में अफीम की फसल मिलने की जानकारी सामने आई है।ग्रामीणों ने बुधवार देर शाम इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत का निरीक्षण किया।
👉डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर खेती की आशंका

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार खजूरी पंचायत के तुरापानी इलाके में अफीम की फसल लगाई गई है। अनुमान के मुताबिक करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर इसकी खेती की गई है।
तुर्रापानी पहाड़ी इलाका है और झारखंड सीमा से लगा हुआ है। इस क्षेत्र में लोगों का आना-जाना कम रहता है, जिससे अवैध खेती करने वालों को छिपकर काम करने का मौका आसानी से मिलता है।
👉भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर उठाया मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि बलरामपुर जिले के करौंधा के पास खजूरी पंचायत में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती मिली है।
👉एसपी बोले- जांच के बाद होगी पुष्टि
बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि फिलहाल मामले की तस्दीक की जा रही है। उन्होंने बताया कि त्रिपुरी में अफीम मिलने के बाद प्रशासन ने पटवारी और कोटवारों को अलर्ट किया था। उसी के बाद खजूरी में भी ऐसी जानकारी सामने आई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
👉कुसमी में पहले भी मिली थी अफीम की खेती

इससे पहले कुसमी क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में करीब 3 एकड़ 67 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती पाई गई थी।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी फसल उखाड़कर जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खड़ी फसल को 354 बोरों में भरवाया और ट्रैक्टर के जरिए थाने पहुंचाया।
👉अफीम लेटेक्स और डोडा भी जब्त
कार्रवाई के दौरान खेत से करीब 1 किलो 900 ग्राम अफीम लेटेक्स भी बरामद किया गया। इसके अलावा पांच बोरा सूखा डोडा भी जब्त किया गया, जिसमें पोस्ता दाना भरा हुआ था।
डोडों पर 5 से 6 चीरे लगे हुए पाए गए, जिनसे अफीम का रस निकाला जाता है।
👉7 लोग हिरासत में, सरगना की तलाश
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और जशपुर जिले के राझाडीपा निवासी पूर्व सरपंच जिरमल राम को हिरासत में लिया है। इसके अलावा खेत लीज पर देने वाले ग्रामीण रुपदेव भगत और कौशल भगत को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने झारखंड के चार लोगों को भी हिरासत में लिया है। मामले में सरगना की तलाश के लिए झारखंड रवाना हो चुकी हैं।
