महासमुंद। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले महासमुंद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर लग्जरी कारों से कुल 47 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनमें दो मध्यप्रदेश और दो ओडिशा के निवासी हैं। कार सवार व्यक्तियों की पहचान आशु बंसल निवासी मुरैना (मध्यप्रदेश) और चालक महेंद्र चौहान निवासी मलाजखंड (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, थाना बसना और थाना बलौदा की टीम ने अंतरराज्यीय सीमा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पदमपुर (ओडिशा) से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की टोयोटा हाईराइडर कार को पलसापाली नाका पर रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में रखी एक प्लास्टिक बोरी से 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों के बंडल मिले, जिनकी कुल राशि 32 लाख 50 हजार रुपये पाई गई।
सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक एक्सयूवी कार से 15 लाख रुपए नकद बरामद
इसी प्रकार, थाना बलौदा पुलिस ने सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक एक्सयूवी कार से 15 लाख रुपये नकद बरामद किए। वाहन में सवार केशव अग्रवाल और गोविन्द चंद मुंड, दोनों निवासी ओडिशा, के पास से यह राशि मिली। बरामद रकम में 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के कुल बंडल शामिल थे।
पुलिस पूछताछ में चारों आरोपित नकदी के स्रोत और वैध परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत नगदी और दोनों लग्जरी वाहनों को जब्त कर लिया।
जब्त संपत्ति में नकद राशि और वाहनों सहित कुल 75 लाख 20 हजार रुपये का आकलन किया गया है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है, जहां आगे की जांच जारी रहेगी।
बता दें कि महासमुंद पुलिस ने पिछले पांच दिनों में अब तक कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
