जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की बिलासपुर इकाई ने नवागढ़ नगर पंचायत के एक लेखापाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वित्त वर्ष 2024-25 में कराए गए अधोसंरचना एवं मरम्मत कार्यों के भुगतान से जुड़े मामले में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके फर्म के 2.03 लाख रुपये के बिल का चेक जारी करने के एवज में लेखापाल द्वारा 16 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता पहले ही 6 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष राशि देने से इनकार करते हुए उसने ACB से संपर्क किया।
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। 20 मार्च को प्रार्थी द्वारा रिश्वत की राशि देने के दौरान आरोपी लेखापाल ने 8 हजार रुपये अपने हाथ में लिए ही थे, तभी ACB टीम ने ग्राम सेमरा के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद (ACB Action) कर ली गई है। मामले में अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
