कोरबा। जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत इस कदर बढ़ गई है, कि अब चोर नगदी व सामान को छोड़ सिलेंडर पर ही हाथ साफ कर रहे हैं। इसकी बानगी घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में देखने को मिली, जहां चोरों ने ताला तोड़कर गुमटियों में रखे दो गैस सिलेंडर को पार कर दिया। इसके अलावा चोरों ने किसी भी सामान को हाथ तक नहीं लगाया है। घटना से व्यवसायियों को सिलेंडर के सुरक्षा की चिंता सता रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले मनोज कुमार चौधरी घंटाघर गढ़ कलेवा चौपाटी में फास्ट फूड का दुकान चलाते हैं। इसी तरह उनके बाजू के गुमटी में जगदीश शाह एग रोल की दुकान लगाते हैं। वे प्रतिदिन की तरह बुधवार की रात नियत समय पर गुमटी मे ताला जड़कर घर चले गए थे। वे दोनों गुरूवार की सुबह चौपाटी पहुंचे तो गुमटी में लगे ताले टूटे मिले। व्यवसायियों ने गुमटी के भीतर देखा तो सारे सामान सही सलामत थे, लेकिन दोनों ही गुमटी से दो नग गैस सिलेंडर को चोरों ने पार कर दिया था। यह खबर मिलते ही अन्य व्यवसायी सख्ते में आ गए। घटना की जानकारी होते ही चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि भी मौके पर पहुंच गए। व्यवसायियों का कहना है कि उनके पास एक एक सिलेंडर ही थे। जिससे खाद्य पदार्थ तैयार कर बिक्री से होने वाली आमदनी से भरण पोषण करते आ रहे थे। इससे पहले भी गुमटी में चोरी हुई थी, लेकिन चोर नगदी व सामान लेकर ही फरार हुए थे। पहली बार चोरों ने सिर्फ गैस सिलेंडर की चोरी की है। चोरों ने गुमटी में रखे किसी अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया। वर्तमान में गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ी है। इसके अलावा गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। उनकी गुमटी से सिलेंडर की चोरी का सीधा असर आजीविका के साधन पर पड़ेगा। उन्हें सिलेंडर की चिंता सता रही है। इसी तरह चौपाटी संघ के अध्यक्ष का कहना है कि चौपाटी को गढ़कलेवा में शिफ्ट तो कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नही है। चोरों ने गुमटी से सिर्फ सिलेंडर की ही चोरी की है, जबकि बर्तन व गल्ले में रखे नगदी सहित सारा सामान सही सलामत है। चौपाटी में कई ऐसी दुकाने हैं जो सिलेंडर के कारण ही बंद पडे हैं। सिलेंडर की किल्लत से व्यवसायियों को जूझना पड़ रहा है। ऐसे में सिलेंडर की चोरी से व्यवसायियों को सुरक्षा की चिंता सता रही है। बहरहाल चौपाटी में एक ही रात दो गुमटी से सिलेंडर की चोरी से हड़कंप मचा हुआ है।
