KORBA : केंदई रेंज में करंट की चपेट में आए मादा भालू समेत 2 शावकों की मौत , सिस्टम पर उठे सवाल , लाइनमैन पर गिरी कार्रवाई की गाज …

कोरबा । कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से एक मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत हो गई। घटना के बाद जहां वन्यजीव संरक्षण को लेकर सवाल उठे हैं, वहीं कार्रवाई की दिशा को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है।

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि इस मामले में जिम्मेदारी तय करने के बजाय एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली स्थिति बन गई है।

ग्रामीणों के अनुसार सलाईगोट गांव के कुछ लोग जब खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने जंगल के पास तीनों भालुओं के शव और जमीन पर गिरा बिजली का तार देखा। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एक पेड़ की टहनी बिजली लाइन पर गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षेत्र में सप्लाई बंद थी, लेकिन लाइन में करंट बना हुआ था। इसी दौरान जंगल में घूम रहे भालू और उसके शावक करंट की चपेट में आ गए।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं दूसरी ओर, इस घटना के बाद बिजली विभाग के एक लाइनमैन पर कार्रवाई की बात सामने आई है, जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था किसके जिम्मे थी, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
जनमानस में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों की मांग है कि जांच निष्पक्ष हो और वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।