कोरबा । जिले के छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खाना बनाने वाले रसोइए केसर दुबे ने शराबखोरी की शिकायत के उपरांत काम से हटाए जाने के बाद बदले की नीयत से पुनः शराब का सेवन कर छात्रावास में घुसकर कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में छात्र की आंख के ठीक ऊपर गंभीर चोट आई है, जिससे वह बाल-बाल बचा। मामले में आदिवासी विकास विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया है। सहायक आयुक्त के निर्देश पर छात्रावास अधीक्षक ने तत्काल एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस आरोपी रसोईए को हिरासत में लेकर कार्रवाई कर रही है।

जानकारी अनुसार प्री मैट्रिक बालक छात्रावास कटघोरा में दैनिक मजदूरी दर पर रसोईया के तौर पर सेवाएं दे रहे केसर दुबे द्वारा छात्रावासी बच्चों को गाली गलौज कर डराया जा रहा था । घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी छात्रावास अधीक्षक ने अनुशासनहीन आपराधिक प्रवृत्ति के रसोईया केसर दुबे को दिए गए सेवाओं का पारिश्रमिक भुगतान कर बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कार्य से पृथक कर दिया था। काम से निकाले जाने की घटना से क्षुब्ध होकर रसोइया केसर दुबे ने बदले की नीयत से छात्रावास में घुसकर कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर कुल्हाड़ी (टँगिया) से वार कर दिया । प्राणघातक वार में कुल्हाड़ी पुष्पेंद्र के आंख के ऊपर जा लगी। आंखों की रौशनी बाल बाल बची । लेकिन यह घटना रविवार को आम होते ही नगर में आक्रोश भड़क गया। छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा इस तरह की जानलेवा हमले को लेकर नगरवासियों की कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषी रसोईया की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर से गणमान्य नागरिकों ने कड़ा कदम उठाए जाने की बात कही। श्री कसेर ने तत्काल विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रभारी अधीक्षक को रसोइया के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए। देर शाम रसोईया के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराया गया। कटघोरा पुलिस अधीक्षक की शिकायत पर रसोईया केसर दुबे को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।
वर्जन
एफआईआर दर्ज कराया है,बच्चों की सुरक्षा है सर्वोपरि
शराब का सेवन कर बच्चों से गाली गलौज कर डराने धमकाने वाले रसोईए को कार्य से हटा दिया गया था। पुनः शराब का सेवन छात्रावास में अनाधिकृत रूप से घुसकर छात्र को चोट पहुंचाए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराया गया है। पुलिस द्वारा रसोईया को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है,इसमें कोई कोताही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रीकांत कसेर ,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग
