KORBA : 3 दिवसीय प्रवास पर पहुंचे कोल इंडिया के चेयरमैन,पहले ही दिन मौजूदा उत्पादन, टारगेट, परफॉर्मेंस ,आगामी रणनीति पर अफसरों से बात ….

कोरबा । कोयला उत्पादन के सबसे बड़े गढ़ कोरबा में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईंराम 3 दिवसीय दौरे पर एसईसीएल पहुंचे। पहले ही दिन उनका फोकस सीधे देश के सबसे बड़े ओपनकास्ट प्रोजेक्ट कुसमुंडा पर रहा, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की।

रायपुर से सीधे गेवरा हाउस पहुंचने के बाद चेयरमैन ने कुसमुंडा मेगाप्रोजेक्ट का दौरा किया। इस दौरान एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहन भी उनके साथ मौजूद रहे। नीलकंठ साकार व्यू पॉइंट से खदान का जायजा लेते हुए चेयरमैन ने मौजूदा उत्पादन, टारगेट, परफॉर्मेंस और आने वाले समय की रणनीति पर अधिकारियों से सीधी बात की।

👉माइनिंग सिस्टम से डिस्पैच तक हर बिंदु पर नजर

दौरे के दौरान उन्होंने NIML पैच पहुंचकर खनन गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया। FMC सिस्टम, साइलो उपयोग, कोल डिस्पैच और भविष्य की एवाक्युएशन प्लानिंग को लेकर भी उन्होंने समीक्षा की। कुसमुंडा व्यू पॉइंट पर समग्र ऑपरेशन को देखते हुए उन्होंने कई अहम निर्देश दिए।

👉अधिकारियों में बढ़ी हलचल

चेयरमैन के इस हाई-प्रोफाइल निरीक्षण के दौरान एसईसीएल के शीर्ष अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इनमें निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार और निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र शामिल रहे। सूत्रों की मानें तो इस दौरे को प्रोडक्शन बढ़ाने और सिस्टम को और सख्त करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कुसमुंडा प्रोजेक्ट में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।