कोरबा-कटघोरा। 15 वें वित्त मद से कटघोरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पाईप लाईन विस्तार बिना कराए फर्जी भुगतान की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। जांच के सिलसिले में आज बिलासपुर से क्वालिटी कंट्रोलर अली बक्श कोरबा पहुंचे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय सचिव सहित कोरबा कलेक्टर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कटघोरा से की गई शिकायत में वार्ड 5 के निवासी अनिल अग्रवाल द्वारा बताया गया है कि नगर पालिका परिषद् कटघोरा के वार्ड क्र. 4,5 व 10 के विभिन्न स्थानों में ओ.पी.वी.सी. पाईप लाईन विस्तार कार्य कराया जाना है। इसके लिए शासन द्वारा प्राप्त 15वी वित्त की राशि से कार्य होना है। इन कार्यों के लिए राशि 36.33 लाख निविदा सूचना क्र. 164562, दिनांक 17.01.2025 व वार्ड क्र. 08, 15 के विभिन्न स्थानों में ओ.पी. वी.सी. पाईप लाईन विस्तार कार्य राशि 41.21 लाख निविदा सूचना क्र. 164564, दिनांक 17.01.2025 निविदा आमत्रित की गयी थी, जिसका कार्यादेश भी जारी किया गया था, परंतु दोनों निविदा में वार्डों में ओ.पी.वी.सी पाईप लाईन विस्तार का कोई भी कार्य नहीं किया गया है।

कार्य के बिना ही राशि आहरण कर बंदरबाट कर लिया गया है. जिसका प्रस्तावित स्थल निरीक्षण कराकर उच्च स्तरीय जांच कर वित्तीय अनियमितता में लिप्त अधिकारी कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने की आवश्यकता है।

👉 जांच करने आए, शिकायतकर्ता को बुलाया नहीं
इधर शिकायत के बाद रातों-रात मशीन लगवा कर गड्ढे खोदने और पाइपलाइन बिछाने का कार्य करने की जानकारी आम हुई है। दूसरी तरफ इस मामले में जानकारी मिली है कि आज शिकायत की जांच करने के लिए बिलासपुर में पदस्थ ई ई अली बख्श कटघोरा पहुंचे। शिकायतकर्ता के बताए अनुसार जांच करने के लिए अधिकारी के आने की खबर तो मिली लेकिन उन्हें और वार्ड के पार्षद राजीव दीवान वार्ड क्रमांक 4, मधुलता कश्यप पार्षद वार्ड क्रमांक 5 को भी जांच के सिलसिले में मौका स्थल पर बुलाया नहीं गया तो ऐसी जांच का क्या औचित्य? यह पूरी जांच निविदा अनुसार कार्य और भुगतान पर आधारित है।
