CG : अंतरराज्यीय हेरोईन तस्करी रैकेट का पर्दाफाश ,भिलाई में 18.69 लाख की हेरोइन जब्त ….

भिलाई।।दुर्ग पुलिस ने भिलाई के हाउसिंग बोर्ड इलाके में एक अंतरराज्यीय हेरोईन तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 91.9 ग्राम हेरोईन और 31 हजार रुपए कैश बरामद किए। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 18.69 लाख रुपए आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार थाना जामुल पुलिस 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड भिलाई के एक किराए के मकान में अवैध रूप से हेरोईन रखकर उसकी बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।

👉छापेमारी कर पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा

छापेमारी के दौरान चारों आरोपी मौके पर ही पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में हेरोईन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब के अमृतसर से हेरोईन लाकर भिलाई में खपाने की तैयारी कर रहे थे। इस अवैध कारोबार को संचालित करने के लिए उन्होंने हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक किराए का मकान लिया था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरी सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है।

👉पंजाब के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। इनमें 19 वर्षीय राजविंदर कौर, राजवीर सिंह (32), कुलदीप सिंह (39) और लवप्रीत सिंह (22) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।